गुरुग्राम। पिछले काफी समय से जर्जर पटौदी रोड शहीद कैप्टन उमंग भारद्वाज चौक से द्वारका एक्सप्रेसवे तक के मार्ग को दुरुस्त करने का कार्य शुरु हो गया है। सडक़ के साथ-साथ अब नाला निर्माण व सफाई के कार्य की शुरुआत कर दी गई है, जिसका शिलान्यास निगम वार्ड 9 के पार्षद अनवीश राघव व वार्ड 10 के पार्षद महावीर यादव द्वारा किया गया। आरडब्ल्यूए के वाइस चेयरमैन रणवीर अत्री का कहना है कि गत 9 फरवरी को प्रदेश के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की अध्यक्षता में आयोजित जिला लोक संपर्क एवं कष्ट निवारण समिति की बैठक में पटौदी रोड शहीद कैप्टन उमंग भारद्वाज चौक से द्वारका एक्सप्रेसवे तक के मार्ग से संबंधित समस्या के मुद्दे को रखा गया, जिस पर मुख्यमंत्री ने निगमायुक्त, मुख्य अभियंता को मार्ग को तुरंत समतल करने के आदेश जारी कर दिए थे। उनका कहना है कि यह मार्ग पिछले करीब 5 वर्षों से जर्जर अवस्था में था। राहगीरों व वाहन चालकों को परेशानी उठानी पड़ रही थी। इस मार्ग से गाडौली, पटौदी, सरस्वती एंक्लेव, गुरुग्राम आदि क्षेत्रों के लिए लोगों का आवागमन रहता है। पानी व कीचड़ जमा होने के कारण वाहनों का निकलना मुश्किल हो जाता था। दोपहिया वाहन चालक तो कई बार दुर्घटनाग्रस्त हो चुके थे। अब मार्ग की हालत में सुधार होने से वाहन चालकों को काफी राहत मिलेगी। इस अवसर पर पूर्व प्रधान हरिओम, राजेंद्र शर्मा, कुलदीप शर्मा आदि मौजूद रहे।
सडक़ निर्माण के साथ-साथ अब नाला निर्माण व सफाई के कार्य की हुई शुरुआत

