गुरुग्राम। शहर के व्यस्ततम इलाकों में शामिल रेलवे स्टेशन मार्ग स्थित 4/7 चौक पर पिछले 4 दिनों से सडक़ धंसने के कारण करीब तीन फीट गहरा गड्ढा बना हुआ है। इस खतरनाक गड्ढे को लेकर संबंधित विभाग पूरी तरह लापरवाह बना हुआ है। मरम्मत करने के बजाय विभाग ने गड्ढे के पास लाल रंग के दो निशान लगाकर अपनी खानापूर्ति कर ली है, जिससे स्थानीय निवासियों और राहगीरों में भारी रोष है। सामाजिक कार्यकर्ता राजेश पटेल का कहना है कि गत दिवस हुई बारिश के दौरान यह पूरा इलाका जलमग्न हो गया था। जब भी दोबारा जलभराव होगा, सडक़ धंसने से बना यह गहरा गड्ढा पानी में पूरी तरह छिप जाएगा। पानी भरने के बाद चालकों को गड्ढे की गहराई और स्थिति का अंदाजा नहीं लग पाएगा, जिससे किसी बड़े हादसे या वाहन चालकों के गिरकर गंभीर रूप से चोटिल होने की प्रबल आशंका बनी हुई है। यह जानलेवा गड्ढा 4/7 चौक पर लगे एक मुख्य साइन बोर्ड के ठीक सामने स्थित है, जहां से दिन-रात सैकड़ों वाहनों और पैदल यात्रियों की आवाजाही होती है। उनका कहना है कि चौक पर स्थित इस गड्ढे को देखकर साफ अंदाजा लगाया जा सकता है कि नीचे की मिट्टी धंसने से सडक़ खोखली हो चुकी है। इसके बावजूद जिम्मेदार अधिकारियों ने सिर्फ लाल निशान लगाकर कर्तव्यों की इतिश्री कर ली है। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि किसी बड़ी अनहोनी का इंतजार करने के बजाय इस गड्ढे की तुरंत पुख्ता मरम्मत कराई जाए, ताकि हादसों को रोका जा सके।
रेलवे स्टेशन मार्ग 4/7 चौक पर धंसी सडक़

