NCRNewsTechnologyUncategorizedअर्थव्यवस्थादेशबिज़नेसराजनीतिराज्य

राजीव चौक पर करोड़ों रुपए की लागत से बना एस्केलेटर खराब

गुरुग्राम। शहर के सबसे व्यस्ततम और प्रमुख चौराहों में से एक राजीव चौक पर पैदल राहगीरों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। करोड़ों रुपये की लागत से बने फुटओवर ब्रिज का एस्केलेटर पिछले काफी समय से बंद पड़ा है और एस्केलेटर के कई पार्ट चोरी होना बताया जा रहा है, वहीं दूसरी ओर अंडरपास में बदबूदार पानी जमा हो चुका है। प्रशासनिक उपेक्षा से त्रस्त स्थानीय नागरिकों और राहगीरों में भारी रोष है। सामाजिक कार्यकर्ता राजेश पटेल ने राजीव चौक के दुर्दशाग्रस्त हालात पर चिंता जताते हुए कहा कि राजीव चौक शहर का मुख्य चौराहा होने के कारण यहाँ चौबीसों घंटे वाहनों का भारी दबाव रहता है। ऐसे में पैदल यात्रियों को सुरक्षित सडक़ पार कराने के लिए लाखों-करोड़ों की लागत से एस्केलेटर युक्त फुटओवर ब्रिज और अंडरपास का निर्माण किया गया था। उनका कहना है कि एस्केलेटर की सीढिय़ाँ बंद पड़ी हैं, जिससे बुजुर्गों, महिलाओं और मरीजों को फुटओवर ब्रिज चढऩे में अत्यधिक कठिनाई हो रही है। फुटओवर ब्रिज पर सफाई न होने से चारों तरफ गंदगी पसरी रहती है। अंडरपास में काफी समय से गंदा और बदबूदार पानी भरा हुआ है, जिससे पैदल चलने वालों का वहाँ से गुजरना दुभर हो गया है। आश्चर्य की बात यह है कि राजीव चौक के ठीक समीप ही उपायुक्त कार्यालय, जिला न्यायालय, पुलिस कमिश्नर कार्यालय तथा जिला प्रशासन के कई अन्य प्रमुख सरकारी विभाग स्थित हैं। इसके बावजूद भी प्रतिदिन अधिकारियों के आने-जाने वाले इस मुख्य मार्ग पर एस्केलेटर की सुध लेने वाला कोई नहीं है। राजेश पटेल और स्थानीय लोगों ने जिला प्रशासन से माँग की है कि राजीव चौक के एस्केलेटर की तुरंत मरम्मत कराई जाए, अंडरपास से गंदा पानी निकाला जाए और नियमित सफाई व्यवस्था सुनिश्चित की जाए ताकि राहगीरों को राहत मिल सके।