गुरुग्राम। जिले के गांव गाडौली खुर्द स्थित राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय परिसर में ग्रीन समर कैम्प के तहत पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में शिक्षक-शिक्षिकाएं, छात्र-छात्राएं व ग्रामीण शामिल हुए। अभियान का मुख्य उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण के प्रति विद्यार्थियों को जागरूक करना और विद्यालय परिसर को हरा-भरा बनाना रहा। शिक्षिका कोमल कटारिया का कहना है कि कार्यक्रम में पर्यावरणविद् लाडो कटारिया व प्रधानाचार्या निर्मला देवी शामिल हुए और सभी के साथ मिलकर विद्यालय परिसर में विभिन्न औषधीय और छायादार पौधे रोपित किए। उन्होंने कहा कि पौधे लगाना केवल एक दिन का कार्य नहीं है, बल्कि इन्हें पाल-पोसकर बड़ा करना और प्रकृति को बचाना हम सबकी नैतिक जिम्मेदारी है। सभी लोगों को इन पौधों को गोद लेने और उनकी नियमित देखभाल करने का संकल्प भी दिलाया गया। छात्रों में पर्यावरण के प्रति चेतना और रचनात्मकता को बढ़ावा देने के लिए पोस्टर मेकिंग कम्पटीशन का भी आयोजन किया गया, जिसमें छात्रों ने ग्लोबल वार्मिंग, पेड़ लगाओ-जीवन बचाओ और जल संरक्षण जैसे विषयों पर संदेशात्मक पोस्टर बनाए। आयोजन को सफल बनाने में स्टाफ सदस्य पवन, संदीप, कोमल, अनादि, कृष्ण आदि का सहयोग रहा।
राजकीय विद्यालय में पौधारोपण कर छात्रों ने लिया पर्यावरण संरक्षण का संकल्प

