NCRNewsUncategorizedअध्यात्मअर्थव्यवस्थादेशबिज़नेसराजनीतिराज्य

नीट पेपर लीक और बेरोजगारी के खिलाफ कांग्रेस व एनएसयूआई ने किया छात्रों की गूंज अभियान का शंखनाद

गुरुग्राम। देश के करोड़ों युवाओं और छात्रों के भविष्य से जुड़े मुद्दों को लेकर अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) और नेशनल स्टूडेंट यूनियन ऑफ इंडिया (एनएसयूआई) ने एक बड़े राष्ट्रव्यापी आंदोलन की शुरुआत कर दी है। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के दिशा-निर्देशों पर अमल करते हुए गुरुग्राम के सैक्टर 36 मोहम्मदपुर क्षेत्र से कांग्रेस और एनएसयूआई इकाई द्वारा छात्रों की गूंज अभियान का आगाज किया गया। कार्यक्रम में भारी संख्या में युवाओं, छात्रों और विशेष रूप से नीट-यूजी परीक्षा की तैयारी करने वाले अभ्यर्थियों ने हिस्सा लिया। वर्तमान शिक्षा व्यवस्था की कमियों, नीट पेपर लीक घोटाले, बढ़ती बेरोजगारी और शिक्षा के तेजी से हो रहे निजीकरण के खिलाफ छात्र एकजुट नजर आए। आंदोलन के दौरान छात्रों ने अपने हक की आवाज बुलंद की और सरकार की नीतियों के खिलाफ जमकर रोष प्रकट किया।
युवाओं और नीट अभ्यर्थियों में वर्धन यादव एवं अविनाश यादव ने भरा जोश
कार्यक्रम का आयोजन छात्र नेता सचिन बैसोया द्वारा किया गया जिसमे अध्यक्षता जिला कांग्रेस के ग्रामीण अध्यक्ष वर्धन यादव ने की एवं मुख्य अतिथि के रूप में हरियाणा एन.एस.यू.आई के अध्यक्ष अविनाश यादव विशेष रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम में पहुंचे युवाओं और नीट अभ्यर्थियों में जोश भरते हुए वर्धन यादव ने कहा कि आज देश का युवा खुद को ठगा हुआ महसूस कर रहा है। सालों-साल मेहनत करने के बाद जब छात्र परीक्षा देने जाते हैं, तो पता चलता है कि पेपर लीक हो चुका है। यह सिर्फ एक परीक्षा का लीक होना नहीं है, बल्कि देश के होनहार युवाओं के भविष्य और उनके माता-पिता के सपनों का मर्डर है। उन्होंने कहा कि इतिहास गवाह है कि जब-जब देश का छात्र और युवा जागा है, तब-तब देश में बड़े और सकारात्मक बदलाव आए हैं। कांग्रेस पार्टी और राहुल गांधी हर कदम पर छात्रों के साथ खड़े हैं। हम संसद से लेकर सडक़ तक आपके हक की लड़ाई लड़ेंगे और शिक्षा के बढ़ते बाजारीकरण तथा निजीकरण के खिलाफ इस आंदोलन को देश के कोने-कोने तक लेकर जाएंगे।” उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे अपने लोकतांत्रिक अधिकारों को समझें और व्यवस्था में सुधार के लिए आगे आएं। इस आंदोलनकारी कार्यक्रम का एक मुख्य आकर्षण लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी द्वारा विशेष रूप से नीट-यूजी अभ्यर्थियों के लिए तैयार की गई एक विस्तृत प्रस्तुति रही। प्रस्तुति के माध्यम से यह दिखाया गया कि किस तरह आज का कोचिंग मॉडल छात्रों पर अत्यधिक मानसिक और आर्थिक दबाव बना रहा है। छात्रों ने माना कि शिक्षा का व्यापार बंद होना चाहिए और सरकार को एक पारदर्शी व तनावमुक्त माहौल तैयार करना चाहिए।
शिक्षा सुधार, युवाओं के हक और निरंतर संघर्ष के संकल्प के साथ कार्यक्रम का समापन
वर्धन यादव ने कहा कि छात्रों की गूंज अभियान केवल एक दिन का प्रदर्शन नहीं है, बल्कि यह एक निरंतर चलने वाली मुहिम है। जब तक सरकार पेपर लीक को रोकने के लिए कड़े कानून नहीं बनाती, बेरोजगार युवाओं को रोजगार के उचित अवसर नहीं मिलते और शिक्षा को हर वर्ग के लिए सुलभ नहीं बनाया जाता, तब तक उनका यह शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक संघर्ष जारी रहेगा। अभियान के पहले चरण का समापन बेहद ऊर्जावान और संकल्पित माहौल में हुआ। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी कांग्रेसी नेताओं, एनएसयूआई के पदाधिकारियों और सैकड़ों की संख्या में आए छात्रों ने एक सुर में वर्तमान व्यवस्था को बदलने का संकल्प लिया। सभी ने हाथ उठाकर यह प्रण किया कि वे नीट पेपर लीक जैसी धांधलियों, बढ़ती बेरोजगारी और शिक्षा के निजीकरण के खिलाफ चुप नहीं बैठेंगे। कार्यक्रम में एन.एस.यू.आई की राष्ट्रीय कार्यकारिणी के सदस्य शुभम चौधरी, प्रदेश महासचिव शिव बोकन, जिला कांग्रेस सचिव दीपेश कौशिक, भीम सोनी, नितिन यादव, विशेष यादव समेत भारी संख्या में स्थानीय युवा उपस्थित रहे।