गुरुग्राम। सफाई, सीवर, कर्मचारियों के साथ अभद्रता करने, जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करने व मारपीट कर धमकी देने को लेकर नगर निगम के सफाई व सीवर कर्मचारियों ने कार्य स्थगित कर नगर निगम वार्ड 33 के पार्षद पति के विरुद्ध नगर निगम कार्यालय पर धरना प्रदर्शन करते हुए हड़ताल शुरु कर दी। नगरपालिका कर्मचारी संघ के जिला प्रधान बसंत कुमार ने हड़ताल की अध्यक्षता की, जबकि संचालन सचिव धर्मेंद्र जिंगाला ने किया। बसंत कुमार ने कर्मचारियों को संबोधित करते हुए कहा कि पार्षद पति ने कर्मचारियों के प्रति न केवल जातिसूचक शब्दों का प्रयोग किया है, अपितु जान से मारने की धमकी देने, सरकारी कामकाज में बाधा भी पहुंचाई है। जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करने को लेकर उनके विरुद्ध एसटी-एससी की धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज कराई जाएगी। ऐसा नहीं हुआ तो आज बुधवार को सभी कर्मचारी सडक़ पर उतरकर विरोध प्रदर्शन करेंगे तथा 12 फरवरी को देशव्यापी हड़ताल में शामिल होंगे। हड़ताल पर बैठे कर्मचारियों को कर्मचारी नेता राजेश कुमार, सुशीला देवी, सोनिया, अनीता देवी, राजेंद्र सरोहा, ऊषा सरोहा, सुशील शर्मा, ललित, सम्मी बोहत, ज्ञान चंद, भारत कांगड़ा, दयाचंद, कैलाश संगेलिया, सीमा देवी, मीनू देवी, पिंकी, अनीता देवी, रविंद्र, अशोक, जयपाल, राकेश वाल्मीकि, सतबीर, कुलदीप आदि ने संबोधित किया।
नगर पालिका कर्मचारी आज करेंगे पार्षद पति के खिलाफ प्रदर्शन

