NCRNewsUncategorizedअध्यात्मअर्थव्यवस्थादेशराजनीतिराज्यस्वास्थ्य

दौलताबाद औद्योगिक क्षेत्र में सीवर हो रहे जाम, खुले पड़े हैं मैनहॉल

गुरुग्राम। नगर निगम के विभिन्न क्षेत्रों में सडक़ पर सीवर का पानी जमा होने व सीवर के मैनहॉल खुले होने की बात आम हो गई है। इनके कारण कई दुर्घटनाएं भी घटित हो चुकी हैं। क्षेत्रवासी इनकी शिकायत निगम प्रशासन से भी कई बार कर चुके हैं, लेकिन समस्याओं का समाधान होता दिखाई नहीं दे रहा है। समाजसेवी राजेश पटेल, जितेंद्र सिंह, वीरेंद्र शुक्ला, गौरवमणि त्रिपाठी, पराग, अंशिका, देवेंद्र आदि का कहना है कि दौलताबाद एक औद्योगिक क्षेत्र है, जहां औद्योगिक प्रतिष्ठान हैं, जिनमें बड़ी संख्या में श्रमिक काम करते हैं। धर्मकांटे वाली गली में गत एक माह से सडक़ पर गंदा पानी जमा है। सडक़ जगह-जगह से जर्जर हो चुकी है। इसी पानी के बीच सीवर का मैनहॉल खुला हुआ है। दुर्घटना से बचने के लिए क्षेत्र के लोगों ने सीवर के मैनहॉल में लकड़ी लगा दी है। इस मार्ग से बड़ी संख्या में प्रतिदिन वाहनों का आवागमन रहता है। मुख्य मार्ग होने के कारण अन्य शहरवासी भी इस मार्ग का शहरी क्षेत्र में आने-जाने के लिए इस्तेमाल करते हैं। कई बार दुर्घटनाएं भी घटित हो चुकी हैं, जिसमें दोपहिया वाहन चालक चोटिल भी हो गए हैं। निगम प्रशासन इस ओर कोई ध्यान नहीं दे रहा है। उन्होंने प्रशासन से गुहार लगाई है कि समय रहते सडक़ पर जमा गंदे पानी की निकासी की व्यवस्था की जाए और सीवर को ठीक कर उसमें ढक्कन लगाया जाए।