गुरुग्राम। शहर के विभिन्न क्षेत्रों में गणेशोत्सव की धूम मची हुई है। आयोजनों में पाण्डालों में सायं के समय आरती की गूंज रहती है, वहीं नाटकों, प्रतियोगिताओं का दौर शुरु हो जाता है। बड़ी संख्या में गणपति बप्पा के श्रद्धालु उनके दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं। इसी क्रम में सामाजिक संस्था सार्वजनिक गणेशोत्सव समिति के तत्वावधान में सेक्टर 14 में आयोजित हो रहे गणेश महोत्सव के 5वें दिन सांस्कृतिक कार्यक्रमों की धूम रही। इस अवसर पर मराठी के सुप्रसिद्ध नाटक ही दोस्ती तुटायची नाय का मंचन किया गया, जिसे देखने के लिए दर्शकों की भारी भीड़ उमड़ी। समिति के सांस्कृतिक सचिव संदीप जोशी ने बताया कि नाटक के मुख्य आकर्षण टीवी जगत के लोकप्रिय धारावाहिकों वागले की दुनिया और साराभाई वर्सेस साराभाई फेम मशहूर अभिनेता सुमित राघवन और प्रख्यात अभिनेत्री चिन्मयी सुमित रहे। नाटक के मंचन से पूर्व समिति के पदाधिकारियों और स्थानीय श्रद्धालुओं द्वारा विधि-विधान के साथ भगवान श्री गणेश की भव्य आरती की गई। आरती के बाद जैसे ही नाटक का पर्दा उठा, पूरा सभागार दर्शकों की तालियों से गूंज उठा। नाटक की कहानी और कलाकारों के दमदार अभिनय ने दर्शकों को अंत तक अपनी सीटों पर बांधे रखा। इस भव्य आयोजन को सफल बनाने में समिति के सक्रिय सदस्यों आरके राव, सुजय विभूते, सुनील शेटे, प्रवीण जाधव ने अथक प्रयास किए और दिन-रात एक कर दिया। उनकी कड़ी मेहनत और उत्कृष्ट प्रबंधन के परिणामस्वरूप सेक्टर 14 का यह सभागार पूरी तरह हाउसफुल रहा। उन्होंने बताया कि गणेश महोत्सव के दौरान हर साल विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी जाती हैं, लेकिन इस बार राष्ट्रीय स्तर के कलाकारों की मौजूदगी ने इस उत्सव को बेहद खास और यादगार बना दिया है।
गणेशोत्सव के 5वें दिन मराठी नाटक ही दोस्ती तुटायची नाय ने जीता दर्शकों का दिल

