NCRNewsUncategorizedअध्यात्मअर्थव्यवस्थादेशबिज़नेसराजनीतिराज्य

ऑनलाईन कथा श्रृंखला में बच्चों ने किया पवित्र मंत्रों का उच्चारण

गुरुग्राम। बच्चों को सांस्कृतिक व ऐतिहासिक ज्ञान उपलब्ध कराने के लिए सामाजिक संस्था शक्ति योग 897 एवं ऑल स्किल एंड रिसर्च फाउंडेशन द्वारा कहानी श्रृंखला नन्हे मन, वीर गाथाएं के 16वें ऑनलाइन कार्यशाला का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में जुड़े बच्चों ने भाग लेकर ज्ञानवर्धक, प्रेरणादायक एवं संस्कारमय अनुभव साझा किए। संस्था के अध्यक्ष एमपी शर्मा का कहना है कि सत्र के दौरान बच्चों को अत्यधिक मोबाइल उपयोग से दूर रहने तथा भारत की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत एवं प्राचीन ज्ञान परंपरा से जुडऩे के लिए भी प्रेरित किया गया। कक्षा 6 तक के बच्चों ने अत्यंत श्रद्धा एवं भक्ति भाव से विभिन्न पवित्र मंत्रों का उच्चारण किया।, जिनमें महामृत्युंजय मंत्र, गायत्री मंत्र, श्री कृष्ण महामंत्र, गुरु मंत्र, माँ दुर्गा मंत्र आदि मंत्र शामिल रहे। बच्चों ने मंत्रोच्चारण के माध्यम से संदेश दिया कि मंत्रों में अद्भुत शक्ति निहित होती है, जो मन की शांति, आत्मिक शुद्धता एवं आत्मविश्वास को बढ़ाने में सहायक होती है। योग गुरु शालिनी भल्ला झांब ने बताया कि यह विशेष कहानी श्रृंखला कक्षा 6 तक के बच्चों में नैतिक मूल्यों, अनुशासन एवं सांस्कृतिक जागरूकता का विकास करने हेतु सावधानीपूर्वक तैयार की गई है। यह आयोजन 31 मार्च तक जारी रहेगा, जिसमें बच्चों के लिए नए कथावाचक एवं सार्थक अनुभव प्रस्तुत किए जाएंगे।