गुरुग्राम। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में हरियाणा के उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री राव नरबीर सिंह ने शनिवार को भारतीय जनता पार्टी के जिला कार्यालय गुरुकमल परिसर में एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत पौधरोपण किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि विकसित भारत के संकल्प को साकार करने के लिए पर्यावरण संरक्षण और हरित विकास को जनआंदोलन बनाना समय की आवश्यकता है।
उन्होंने कहा कि पौधारोपण केवल एक कार्यक्रम नहीं बल्कि भविष्य की पीढिय़ों के लिए सुरक्षित, स्वच्छ और स्वस्थ वातावरण उपलब्ध कराने की सामूहिक जिम्मेदारी है। राव नरबीर सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा शुरू किया गया एक पेड़ मां के नाम अभियान देशवासियों को अपनी मां के प्रति सम्मान और प्रकृति के प्रति दायित्व निभाने की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार के पिछले 12 वर्षों में विकास के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण को भी विशेष प्राथमिकता दी गई है। जल संरक्षण, स्वच्छता, हरित ऊर्जा और पौधारोपण जैसे अभियानों ने देश में जनभागीदारी का एक नया मॉडल स्थापित किया है। उन्होंने उपस्थित कार्यकर्ताओं एवं नागरिकों से आह्वान किया कि वे अपने जीवन के विशेष अवसरों पर पौधे लगाकर उनके संरक्षण का भी संकल्प लें।
पौधरोपण कार्यक्रम के उपरांत उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री राव नरबीर सिंह ने भाजपा जिला कार्यालय में आमजन से मुलाकात कर उनकी समस्याएं और मांगें सुनीं। उन्होंने विभिन्न क्षेत्रों से आए नागरिकों की समस्याओं पर गंभीरता से चर्चा करते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य लोगों की समस्याओं का समयबद्ध और प्रभावी समाधान सुनिश्चित करना है तथा जनहित से जुड़े मामलों में किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। इस अवसर पर भाजपा जिला अध्यक्ष सर्वप्रिय त्यागी, पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।
एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत मंत्री नरबीर सिंह ने गुरुकमल परिसर में लगाया पौधा

