NCR

महिलाओं को दी गई आर्थिक व डिजिटल साक्षरता एवं उद्यमिता से जुड़ी जानकारियां


गुडग़ांव। सामाजिक संस्था लर्निंग लिंक्स फाउंडेशन द्वारा पहली व दूसरी पीढ़ी की महिला उद्यमियों को आर्थिक व डिजिटल साक्षरता एवं उद्यमिता से जुड़ी जानकारी उपलब्ध कराने के लिए सशक्ति कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में महिला उद्यमी व संगठन से जुड़े प्रतिनिधि शामिल हुए। संस्था की चेयरपर्सन डा. अंजली प्रकाश ने कहा कि संस्था महिलाओं की आर्थिक आजादी और देश की अर्थव्यवस्था के विकास को सुनिश्चित करने में उद्यमिता के महत्व को पहचानती है। देश में केवल 13.5 प्रतिशत व्यवसायों का स्वामित्व महिलाओं के पास है। ऐसे में सशक्तिकरण जैसी पहल की जरूरत है ताकि महिलाओं को उद्यमिता की दुनिया में दीर्घकालिक दिगाज बनने के लिए आवश्यक व्यापक समर्थन दिया जा सके।

संस्था ने विभिन्न प्रदेशों में 38 हजार महिला उद्यमियों को सशक्त बनाने में अहम भूमिका निभाई है। केंद्रीय सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम मंत्री नारायण राणे ने कहा कि सशक्ति भारत में महिला उद्यमियों को आगे बढ़ाने की दिशा में काम कर रहा है। यह इन प्रयासों को और आगे बढ़ाएगा। केंद्र सरकार इस परियोजना का पूरी तरह से समर्थन करती है क्योंकि इसका उद्देश्य वित्तीय समावेशन और उद्यमिता को आगे बढ़ाना है।

Comment here