गुरुग्राम। शहर के विभिन्न क्षेत्रों में सीवर के खुले ढक्कन जहां शहरवासियों की परेशानियों का सबव बने हुए हैं, वहीं भयंकर दुर्घटना भी घटित हो सकती है, लेकिन इस समस्या के प्रति नगर निगम प्रशासन गंभीर होता दिखाई नहीं दे रहा है। आवासीय क्षेत्र ही नहीं, अपितु सार्वजनिक स्थलों पर भी सीवर के ढक्कन जहां टूटे हुए हैं, वहीं मैनहॉल खुले पड़े हैं। जिससे कभी भी कोई भयंकर दुर्घटना घटित हो सकती है। सैक्टर 10 स्थित राजकीय माध्यमिक विद्यालय के गेट के निकट पिछले काफी समय से सीवर का ढक्कन गायब हैं। समाजसेवी राजेश पटेल, राकेश, अनुराधा, खुशी, सगुफ्ता, दिशा तिवारी, कोमल, माया, अनन्या, सौम्या, राजू राज, कमल, धर्मेंद्र आदि का कहना है कि विद्यालय में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं शिक्षा ग्रहण करते हैं और उनका प्रतिदिन विद्यालय आना-जाना रहता है। मुख्य मार्ग होने के कारण वाहनों का भी दबाव अधिक रहता है। पिछले काफी समय से सडक पर सीवर का ढक्कन टूटा हुआ है। सीवर खुला होने के कारण कभी भी कोई भयंकर दुर्घटना घटित हो सकती है। उन्होंने नगर निगम प्रशासन से आग्रह किया है कि अबिलंव इस समस्या का समाधान कराया जाए, ताकि संभावित दुर्घटना को टाला जा सके।
विद्यालय के गेट के निकट सीवर का ढक्कन टूटा होने से छात्र व राहगीर परेशान

