गुरुग्राम। शहर के विभिन्न क्षेत्रों में बेसहारा पशुओं के कारण जहां यातायात प्रभावित रहता है, वहीं सदैव भयंकर दुर्घटना होने का भी अंदेशा बना रहता है। इन बेसहारा पशुओं का जमावड़ा शहर के विभिन्न क्षेत्रों में देखा जा सकता है। कभी-कभी तो ये बेसहारा पशु वाहनों के पीछे ही दौडने लगते हैं जिससे दोपहिया वाहन चालक चोटिल भी हो जाते हैं। इन बेसहारा घूमंतु पशुओं के कारण हादसे हो रहे हैं। हालांकि नगर निगम ने एक एजेंसी को उन्हें पकडऩे का जिम्मा भी दिया हुआ है, लेकिन इस सबके बावजूद ये सडकों पर घूम रहे हैं। इन बेसहारा पशुओं को पकडकर गौशाला में न भेजने के कारण स्थानीय नागरिकों को बड़ी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। समाजसेवी राजेश पटेल, ईश्वर शर्मा, राजेश सिंह, राजू गुप्ता, उमेश, संदीप, अनुज, विक्की पंडित, योगेन्द्र, ओपी गुप्ता, मनोज, सिद्धनाथ पंडित, विद्यानंद, अजय कुमार, नरेंद्र शर्मा आदि का कहना है कि रेलवे-स्टेशन मार्ग स्थित बाबा प्रकाशपुरी चौक के निकट बड़ी संख्या में बेसहारा गायों को भोजन की तलाश में कूड़े में मुंह मारते हुए देखा जा सकता है। गौधन को चारा खिलाने के नाम पर भी कुछ धार्मिक प्रवृति के लोग सडकों पर बने डिवाईडर पर या सडक़ किनारे चारा आदि डाल जाते हैं। चारा को खाने के लिए इन घूमंतु पशुओं का झुण्ड का झुण्ड सडकों पर उतर जाता है। जिससे दुर्घटना भी घटित होने की संभावनाएं बनी रहती हैं। उनका कहना है कि गौरक्षक दलों को भी इस ओर ध्यान देना चाहिए। गौधन को गौशालाओं में भेजने की व्यवस्था की जानी चाहिए ताकि इन गौधनों को गौशालाओं में भरपेट चारा मिल सके और आए दिन हो रही दुर्घटनाओं से शहरवासी भी बच सकें।
सडक़ पर बेसहारा घूम रहे पशुओं से राहगीर परेशान

