गुरुग्राम। भारत की साइबर सुरक्षा में साइबर सिटी के नाम से प्रसिद्ध गुरुग्राम सबसे महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। इस बार साइबर सुरक्षा की दृष्टि से साइबर शिक्षित भारत बनाने की पहल भी गुरुग्राम की साइबर सुरक्षा कंपनी लिसियनथस टेक करने जा रही है। साइबर शिक्षित भारत विषय पर इसी माह 26 नवंबर को दिल्ली में अंतरराष्ट्रीय कार्यशाला करने का फैसला लिया है। पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद इस कार्यशाला का उद्घाटन करेंगे।
नई दिल्ली के न्यू महाराष्ट्र सदन में होने वाली इस अंतराष्ट्रीय कार्यशाला में देश और दुनिया के साइबर एक्सपर्ट भारत को साइबर सुरक्षा की दृष्टि और अधिक शिक्षित करने पर बल देंगे और बताएंगे कि भारत कैसे साइबर सुरक्षा में अधिक मजबूत हो सकता है। अंतरराष्ट्रीय कार्यशाला की आयोजक लिसियनथस टेक के सीईओ गुरुग्राम निवासी खुशहाल कौशिक के अनुसार इस वर्कशॉप में एचसीएल टेक सह-आयोजक रहेगा। आईआईआईटी हैदराबाद शिक्षा भागीदार के रूप में तथा इलेक्ट्रॉनिकी और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय भारत सरकार और सर्ट-इन और ग्रामैक्स साइबर टेक आदि इवेंट पार्टनर के रूप में शामिल है। खुशहाल कौशिक ने बताया कि राष्ट्रीय महत्व की पहल साइबर शिक्षित भारत का उद्देश्य नागरिकों, विशेष रूप से युवाओं और कार्यरत पेशेवरों को साइबर सुरक्षा, ऑनलाइन सुरक्षा और जिम्मेदार डिजिटल व्यवहार की व्यावहारिक जानकारी से सशक्त बनाना है। उन्होंने बताया कि इस कार्यक्रम में भारत सरकार के तत्कालीन जी-20 शेरपा अमिताभ कांत, सर्ट-इन महानिदेशक डॉ. संजय बहल, एयर मार्शल जीएस बेदी (सेवानिवृत्त), मध्यप्रदेश के कैबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय आदि विशेषज्ञ और राजनीतिक हस्तियां भी रहेगी। गुरुग्राम निवासी साइबर एक्सपर्ट खुशहाल कौशिक के अनुसार विकसित भारत और साइबर सुरक्षित भारत के राष्ट्रीय लक्ष्यों में निहित यह पहल एक केंद्रीय साइबर सुरक्षा सेंटर ऑफ एक्सीलेंस स्थापित करने का लक्ष्य रखती है।
साइबर सुरक्षा पर अंतरराष्ट्रीय सेमिनार का उद्घाटन करेंगे पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद

