गुरुग्राम। शहर के विभिन्न क्षेत्रों में कहीं कूड़ा करकट व गंदगी के अंबार लगे हैं तो कहीं सीवर ओवरफ्लो की समस्या से निवासी जूझ रहे हैं। क्षेत्रवासियों द्वारा शिकायत करने के बाद भी उनकी समस्याओं का समाधान नहीं हो पा रहा है, जिससे आमजन में नगर निगम के प्रति रोष बढ़ता ही जा रहा है। राजेंद्रा पार्क क्षेत्र के सी ब्लॉक की एक गली में पिछले काफी समय से सीवर ओवरफ्लो की समस्या व्याप्त है। परिणामस्वरुप सीवर का गंदा पानी गली की सडक़ पर बहता रहता है। इस गंदे पानी की दुर्गंध से क्षेत्रवासी बड़े परेशान हैं। जिला बार एसोसिएशन के पूर्व उपाध्यक्ष जितेंद्र कौशिक का कहना है कि यही हाल महालक्ष्मी गार्डन क्षेत्र के रेलवे पुलिस के पास भी है। यहां से प्रतिदिन लोगों का आना-जाना लगा रहता है। सीवर के पानी की दुर्गंध के कारण अब लोगों ने आना भी बंद कर दिया है। उनका कहना है कि कई बार नगर निगम के अधिकारियों से शिकायत की जा चुकी है, लेकिन समस्या का समाधान आज तक भी नहीं हो सका है। उनका यह भी कहना है कि लोगों को सडक़ पर भरे सीवर का पानी से ही उन्हें गुजरना पड़ता है। नगर निगम उनके सब्र का इम्तिहान लेने में लगी है। यदि समय रहते समस्या का समाधान नहीं किया गया तो नगर निगम को क्षेत्रवासियों के रोष का सामना करना पड़ेगा, जिसकी समस्त जिम्मेदारी नगर निगम प्रशासन की ही होगी।
सीवर ओवरफ्लो होने से सडक़ पर जमा गंदा पानी, लोगों का आवागमन बाधित
