NCR

हरियाणा में राज्यसभा के चुनाव को लेकर दिनभर साईबर सिटी में होती रही चर्चा किसकी होगी जीत – किसकी होगी हार

गुडग़ांवI हरियाणा में राज्यसभा की 2 सीटों पर शुक्रवार को हो रहे चुनाव को लेकर साईबर सिटीवासी बड़े ही उत्सुक दिखाई दिए। पल-पल की खबर जानने के लिए शहरवासी शुक्रवार को टीवी से चिपके ही रहे। हरियाणा में राज्यसभा की 2 सीटों के लिए शुक्रवार को चंडीगढ़ में मतदान हुआ। इन 2 सीटों पर 3 उम्मीदवार मैदान में होने से मुकाबला और भी अधिक रोचक हो गया। हर राजनैतिक दल को चुनाव में क्रॉस वोटिंग का डर भी बना रहा। जानकारों का कहना है कि निर्दलीय प्रत्याशी पूर्व केंद्रीय मंत्री विनोद शर्मा के बेटे कार्तिकेय शर्मा ने कांग्रेस के प्रत्याशी अजय माकन का खेल बिगाडक़र रख दिया है।

भाजपा ने प्रदेश के पूर्व परिवहन मंत्री कृष्णलाल पंवार को प्रत्याशी बनाया हुआ है। पंवार का चुनाव जीतना तय माना जा रहा है। सबकी निगाहें इस बात पर हैं कि अजय माकन व कार्तिकेय शर्मा में से किसकी जीत होगी। बताया जाता है कि निर्दलीय विधायक बलराज कुण्डू ने किसी भी प्रत्याशी के पक्ष में वोट नहीं दी है। 90 में से 89 विधायकों ने मतदान किया है। कार्तिकेय शर्मा को भाजपा-जजपा व निर्दलियों का समर्थन भी बताया जाता है। कौन प्रत्याशी विजयी होगा, इसका पता तो चुनाव परिणाम के बाद ही चल पाएगा। साईबर सिटीवासियों का ऐसा मानना है।

Comment here