गुरुग्राम। साइबर सिटी गुरुग्राम में सार्वजनिक परिवहन का सहारा बनी गुरुगमन की बसें अब आए दिन सडक़ों पर दम तोड़ती नजऱ आ रही हैं। उचित रखरखाव और देखरेख के अभाव में बसें रास्ते में ही अचानक बंद हो जाती हैं, जिससे दैनिक यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। हाल ही में बाबा प्रकाश पुरी रेलवे स्टेशन मार्ग का है, जहाँ एक बार फिर गुरुगमन की बस तकनीकी खराबी के कारण बीच सडक़ पर खड़ी हो गई। स्थानीय लोगों और यात्रियों के अनुसार, इस मार्ग पर बसों के खराब होकर खड़े होने का दृश्य अब कोई नया नहीं, बल्कि आए दिन की कहानी बन चुका है। यात्री राहुल, अभिषेक, रूपा कुमारी, काजल, मोनिका, जितेंद्र, शक्ति, अरुण, गौतम, अजय सिंह आदि ने कहा कि ये बसें पूरी तरह बीमार हो चुकी हैं। प्रशासन या तो इन बसों की मरम्मत का सही से उपचार करे, अन्यथा इन्हें सडक़ पर चलाने के बजाय डंप कर देना चाहिए। यात्रियों ने चुटकी लेते हुए यह भी कहा कि गुरुग्राम की बसें इस समय कोमा में चल रही हैं। समाजसेवी राजेश पटेल ने कहा कि गुरुग्राम पूरे प्रदेश में सबसे अधिक राजस्व और टैक्स देने वाला शहर है, लेकिन विडंबना यह है कि यहाँ सार्वजनिक परिवहन की सुविधा सबसे निम्न स्तर पर है। समय-समय पर इस बदहाल व्यवस्था का खामियाजा यहाँ की आम जनता-जनार्दन को ही भुगतना पड़ता है। सडक़ों पर बार-बार बसों के खराब होने से न सिर्फ यात्रियों का कीमती समय बर्बाद हो रहा है, बल्कि यातायात व्यवस्था पर भी बुरा असर पड़ रहा है। देखना यह होगा कि गुरुग्राम महानगर नगर विकास प्राधिकरण और परिवहन विभाग इस दिशा में क्या कड़े कदम उठाता है।
शहर में बदहाल हुई गुरुगमन बस सेवा, बाबा प्रकाश पुरी मार्ग पर फिर खराब हुई बस

