गुरुग्राम,छात्रों के समग्र विकास, डिजिटल वेलनेस और मानसिक संतुलन को बढ़ावा देने के लिए शिक्षण संस्था द मिलेनियम ग्रुप ऑफ़ स्कूल्स ने ब्रह्माकुमारी़ एजुकेशन सोसायटी के साथ 5 वर्ष के लिए दिशा नाम का एमओयू साइन किया है, जिसकी शुरुआत जिले के बिलासपुर क्षेत्र स्थित ओम शांति रिट्रीट सेंटर में की गई। इस अवसर पर ओआरसी की निदेशिका राजयोगिनी बीके आशा एवं द मिलेनियम ग्रुप ऑफ स्कूल्स की रणनीतिक योजना और संचालन निदेशक कुलकीर्ति दीवान उपस्थित रहे। यह साझेदारी द मिलेनियम ग्रुप के सभी स्कूलों में लागू की जाएगी। जिसका मुख्य उद्देश्य बच्चों की आधुनिक शिक्षा प्रक्रिया के साथ-साथ नैतिक मूल्यों, तनाव प्रबंधन और तकनीक के सही उपयोग को जोडऩा है। कुलकीर्ति दीवान का कहना है कि द मिलेनियम स्कूल्स अपनी बाल-केंद्रित और अनुभव आधारित शिक्षण प्रणाली के लिए जाने जाते हैं। वहीं, ब्रह्माकुमारीज़ संस्थान लंबे समय से मूल्य शिक्षा, राजयोग ध्यान और आत्म-विकास के क्षेत्र में कार्य कर रहा है। इस सहयोग के तहत दोनों संस्थाएं मिलकर एक ऐसा परिवेश तैयार करेंगी, जहां पढ़ाई के साथ-साथ एकाग्रता बढ़ाने, तनाव दूर करने और डिजिटल वेलनेस पर जोर दिया जाएगा। स्कूलों में एक राजयोग ध्यान कक्ष स्थापित किया जाएगा। शिक्षण और गैर-शिक्षण दोनों श्रेणियों के कर्मचारियों के लिए विशेष ट्रेनिंग प्रोग्राम आयोजित किए जाएंगे, जिससे वे बच्चों के मानसिक व भावनात्मक विकास में बेहतर योगदान दे सकें। हर तिमाही में माता-पिता के साथ संवाद सत्र आयोजित किए जाएंगे, जिनमें पारिवारिक दिनचर्या, बच्चों में नैतिक मूल्य और तकनीक के स्वस्थ उपयोग पर चर्चा की जाएगी। इस पहल के माध्यम से संस्थानों का लक्ष्य एक ऐसा माहौल तैयार करना है, जहां किताबी ज्ञान के साथ-साथ भावनात्मक संतुलन और जिम्मेदार नागरिक बनने की सीख भी दी जा सके।
द मिलेनियम स्कूल्स और ब्रह्माकुमारी के बीच दिशा समझौते पर हस्ताक्षर

