गुरुग्राम।सेक्टर 9ए स्थित सामुदायिक केंद्र में सामाजिक संस्था चिराग वेलफेयर फाउण्डेशन द्वारा जरूरतमंद परिवारों के बच्चों के लिए संचालित स्कूल में कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें समाजसेवी पंकज गर्ग ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की और स्कूल के छात्र-छात्राओं को मिठाइयां वितरित कर उनके चेहरे पर मुस्कान बिखेरी। संस्था के पीपी मेहता का कहना है कि मिष्ठान वितरण के दौरान बच्चों का उत्साह देखते ही बन रहा था। पंकज गर्ग ने बच्चों से संवाद करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की और उन्हें मन लगाकर पढ़ाई करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि शिक्षा ही समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने का सबसे सशक्त माध्यम है। पंकज गर्ग पिछले 10 वर्षों से चिराग वेलफेयर फाउण्डेशन से निरंतर जुड़े हुए हैं। वे न केवल संस्था की सामाजिक व शैक्षणिक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी निभाते हैं, बल्कि नियमित रूप से संस्था को हर संभव आर्थिक और नैतिक सहयोग भी प्रदान करते आ रहे हैं। पीपी मेहता ने कहा कि उनके जैसे समर्पित समाजसेवियों के निरंतर सहयोग से ही संस्था जरूरतमंद बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और बेहतर माहौल देने के अपने संकल्प को पूरा कर पा रही है। इस अवसर पर स्कूल के सदस्यों, संस्था के अन्य सदस्य और स्थानीय निवासी भी मौजूद रहे।
चिराग वेलफेयर फाउण्डेशन के बच्चों को समाजसेवी पंकज गर्ग ने वितरित की मिठाइयां

