NCRNewsअध्यात्मअर्थव्यवस्थादेशबिज़नेसराजनीतिराज्य

लक्ष्य हासिल करने के लिए मैदान में उतरना जरूरी, जीत-हार से निराश न हों खिलाड़ी : राव नरबीर

गुरुग्राम: हरियाणा के उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री राव नरबीर सिंह ने कहा कि जीवन में निर्धारित लक्ष्यों को हासिल करने के लिए मैदान में उतरना जरूरी है, चाहे वह खेल का मैदान हो या संघर्ष का। सफलता की राह पर चलने के लिए प्रयास करना और चुनौतियों का सामना करना पहली शर्त है। जीतने वालों को बधाई मिलती है, लेकिन किसी कारणवश लक्ष्य हासिल न कर पाने वालों को भी निराश नहीं होना चाहिए, क्योंकि हर प्रयास आगे बढऩे का नया अवसर देता है। कैबिनेट मंत्री शुक्रवार को स्मॉल साइड हरियाणा फुटबॉल एसोसिएशन की ओर से आयोजित राव महाबीर सिंह मेमोरियल स्मॉल साइड इनविटेशनल नेशनल फुटबॉल चैंपियनशिप में बतौर मुख्यातिथि खिलाडय़िों को संबोधित कर रहे थे। यह प्रतियोगिता प्राइम स्कॉलर्स इंटरनेशनल स्कूल में 16 से 18 अक्टूबर तक आयोजित की जा रही है, जिसमें अंडर-14 और अंडर-17 आयु वर्ग के बालक खिलाड़ी भाग ले रहे हैं। उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री राव नरबीर सिंह ने कहा कि हरियाणा की आबादी देश की कुल आबादी का लगभग दो प्रतिशत है, लेकिन खेलों की बात करें तो प्रदेश के खिलाड़ी कॉमनवेल्थ गेम्स, एशियाई खेलों, पैरालंपिक और ओलंपिक जैसे अंतरराष्ट्रीय आयोजनों में देश का नाम रोशन करते हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश के प्रतिभाशाली खिलाडिय़ों की मेहनत, अनुशासन और समर्पण के कारण हरियाणा ने खेलों के क्षेत्र में अपनी विशिष्ट पहचान बनाई है।