NCRअध्यात्मअर्थव्यवस्थाक्रिकेटदेशबिज़नेसराजनीतिराज्य

292 रक्तदाताओं ने रक्तदान कर दिया मानवता का संदेश

गुरुग्राम। संत निरंकारी मिशन की सामाजिक शाखा संत निरंकारी चैरिटेबल फाउंडेशन द्वारा सेक्टर-31 स्थित संत निरंकारी सत्संग भवन में स्वैच्छिक रक्तदान शिविर आयोजित किया गया, जिसमें 403 लोगों ने पंजीकरण कराया, जिसमें से 292 यूनिट रक्त एकत्रित किया गया। इनमें 61 महिलाओं ने भी बढ़-चढक़र भाग लिया। शिविर में मिशन की प्रेसिडेंट राजकुमारी एवं नरेंद्र विशेष रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने रक्तदाताओं और सेवादारों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि मानवता की सेवा ही परमात्मा की सच्ची सेवा है। रक्तदान जैसे निष्काम कार्य जरूरतमंद मरीजों का जीवन बचाने में अहम भूमिका निभाते हैं। शिविर के दौरान आयोजित सत्संग में श्रद्धालुओं ने आध्यात्मिक विचारों और मानव सेवा के संकल्प को आत्मसात किया। पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए प्रत्येक रक्तदाता को स्मृति-चिह्न के तौर पर गमले में पौधा भेंट किया गया। गुरुग्राम संयोजक निर्मल मनचंदा ने बताया कि मिशन अब तक देशभर में 9,325 रक्तदान शिविरों के जरिए लगभग 15,03,220 यूनिट रक्त एकत्रित कर चुका है। रक्त संग्रहण का कार्य इंडियन रेडक्रॉस सोसाइटी नई दिल्ली और सिविल अस्पताल की विशेषज्ञ मेडिकल टीमों की देखरेख में पूरा हुआ। सेवादारों ने रक्तदाताओं के स्वास्थ्य परीक्षण, जलपान और विश्राम की समुचित व्यवस्था की।