NCRNewsअध्यात्मअर्थव्यवस्थादेशबिज़नेसराजनीतिराज्य

अशोक विहार क्षेत्र में हुए जलभराव से क्षेत्रवासी परेशान, गहरा गढ्ढा दे रहा बड़े हादसे को न्योता

गुरुग्राम। अशोक विहार 3 एक्सटेंशन की मुख्य सडक़ पर जलभराव के कारण स्थानीय निवासियों और राहगीरों का जीना मुहाल हो गया है। सडक़ की पूरी गली में घुटनों तक गंदा पानी भरा हुआ है, जिससे लोगों को आवाजाही में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। जलभराव की इस समस्या से सबसे ज्यादा प्रभावित स्कूली बच्चे हो रहे हैं। स्कूल जाने वाले बच्चे गौतम, रूपा, रश्मी, अरुण, पलक और ईशा ने कहा कि जलभराव के कारण हर समय फिसलकर गिरने और चोटिल होने का डर बना रहता है। सडक़ जगह-जगह से टूटी हुई है और स्पीड ब्रेकर वाले स्थान पर नुकीले सरिये बाहर निकली हुई हैं। पानी भरा होने के कारण ये नुकीली चीजें दिखाई नहीं देतीं, जिससे दुर्घटना का खतरा कई गुना बढ़ गया है। जलजमाव की वजह से बच्चे और नौकरीपेशा लोग समय पर अपने स्कूल व ऑफिस नहीं पहुँच पा रहे हैं। क्षेत्रवासियों ने बताया कि चार दिन पहले संबंधित विभाग द्वारा मुख्य गेट के पास सडक़ पर करीब 10 फीट गहरा गड्ढा खोदकर ऐसे ही छोड़ दिया गया। अब बारिश का पानी भरने के कारण यह गड्ढा बेहद खतरनाक हो गया है। सबसे गंभीर बात यह है कि इस जानलेवा गड्ढे के आसपास कोई स्लोगन, बैरिकेडिंग या चेतावनी का बोर्ड नहीं लगाया गया है। स्थानीय लोगों के अनुसार यह लापरवाही किसी बड़े हादसे को दावत दे रही है। स्थानीय निवासी अजय सिंह, ठाकुर गौतम सिंह, युवराज, रौशन कुमार, बिट्टू सिंह, काजल, राजेश कुमार, जितेंद्र सिंह, लालबाबू चौधरी और विजय सिंह सहित अन्य लोगों ने संबंधित विभाग और प्रशासन से गुहार लगाई है कि इस समस्या को अविलंब दूर किया जाए। गड्ढे को तुरंत भरा जाए और जलभराव की निकासी सुचारू की जाए ताकि लोग सुरक्षित आवाजाही कर सकें।