गुरुग्राम। भारतीय जवान किसान पार्टी के राष्ट्रीय अधिवेशन में सर्वसम्मति से नई राष्ट्रीय कार्यकारिणी का गठन किया गया। गुरुग्राम के अधिवक्ता डॉ. नरेश कुमार राघव को राष्ट्रीय अध्यक्ष, दिलीप कुमार सिंह को राष्ट्रीय महासचिव और प्रीतम कुमार को राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष चुना गया है। पार्टी ने जल्द ही गुरुग्राम में एक बड़ा कार्यक्रम आयोजित करने की भी घोषणा की है।
पार्टी पदाधिकारियों ने बताया कि भारतीय जवान किसान पार्टी देश के पूर्व सैनिकों, किसानों, नौजवानों, व्यापारियों, मजदूरों, महिलाओं और अति पिछड़े वर्गों के नेतृत्व में गठित एक जन-आधारित राजनीतिक पार्टी है। पार्टी ने वर्ष 2024 के लोकसभा चुनाव में देशभर में अपनी उपस्थिति दर्ज कराई थी, जिसमें 102 उम्मीदवारों ने नामांकन दाखिल किया था और 48 ने चुनाव लड़ा था। अधिवेशन में पार्टी ने केंद्र सरकार पर भ्रष्टाचार, महंगी शिक्षा, बदहाल स्वास्थ्य सेवाओं और बेरोजगारी को लेकर निशाना साधा। पार्टी ने अपने प्रस्ताव में कहा कि सत्ता में बैठी सरकार के शासनकाल में भ्रष्टाचार के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। जनता की गाढ़ी कमाई का दुरुपयोग और बड़े-बड़े घोटाले देश की छवि को चोट पहुंचा रहे हैं। यदि केंद्र सरकार भ्रष्टाचार पर तुरंत कठोर कार्रवाई नहीं करती है, तो भारतीय जवान किसान पार्टी पूरे देश में आंदोलन और भूख हड़ताल शुरू करने के लिए बाध्य होगी। पार्टी ने कहा कि शिक्षा आम आदमी की पहुंच से बाहर हो रही है, युवा रोजगार की कमी से जूझ रहे हैं। पूर्व सैनिक और किसान देश की सुरक्षा और अन्न-सुरक्षा के असली योद्धा हैं, उनकी उपेक्षा किसी भी राष्ट्र के लिए घातक है। अधिवेशन के अंत में जय जवान, जय किसान! भ्रष्टाचार-मुक्त, शिक्षित, स्वस्थ और समृद्ध भारत के निर्माण का संकल्प दोहराया गया।
-भारतीय जवान किसान पार्टी का राष्ट्रीय अधिवेशन संपन्न, डॉ. नरेश राघव बने राष्ट्रीय अध्यक्ष

