गुरुग्राम। गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक जिम्मेदारी को बढ़ावा देने के उद्देश्य से ऑल स्किल एंड रिसर्च फाउंडेशन एवं गौ प्रेमी सेवा संघ द्वारा राष्ट्रीय अभियान एक पेड़ माँ के नाम 3.0 के तहत सेक्टर-10 ए स्थित श्री कृष्ण पार्क में पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें सामाजिक कार्यकर्ताओं, युवा स्वयंसेवकों और निवासियों ने अपनी माताओं और गुरुओं की स्मृति एवं सम्मान में विभिन्न प्रजातियों के लगभग 1000 फूलों के पौधे लगाए। आचार्य मनीष, पर्यावरणप्रेमी परमवीर यादव, सतीश तायलआदि ने संस्था के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि अपनी माँ के नाम पर पेड़ लगाना उनके प्रति सबसे पवित्र श्रद्धांजलि है। पर्यावरण संरक्षण के साथ मातृत्व का सम्मान जन-जन तक पहुँचना चाहिए। एक पेड़ माँ के नाम अभियान माँ के सम्मान में, प्रकृति के संरक्षण के लिए और आने वाली पीढिय़ों के उज्ज्वल भविष्य के लिए चलाया जा रहा है। उन्होंने लोगों से आग्रह किया कि वे लगाए गए पौधों का संरक्षण और पालन-पोषण परिवार के सदस्यों की तरह किया जाना चाहिए। संस्था के अध्यक्ष एमपी शर्मा का कहना है कि यह आयोजन हर हाथ, हर दिल, एक पेड़ से जुड़े की हमारी भावना को दर्शाता है। केवल पौधे लगाना ही पर्याप्त नहीं, बल्कि उन्हें जीवित रखना और उनका संरक्षण करना भी हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है। आयोजन को भारत भारती संगठन के अध्यक्ष विनय पत्रालय, संगठन महासचिव विवेकानंद दीक्षित, गौप्रेमी रविंद्र गुप्ता, सुदर्शन गौड़, अशोक भारद्वाज, के. के. गुप्ता, राजकुमार गुप्ता एवं सुनीता गौड़ ने भी संबोधित करते हुए कहा कि युवाओं को पर्यावरण संरक्षण से जोडऩा आज की सबसे बड़ी आवश्यकता है। पौधारोपण केवल प्रतीकात्मक कार्यक्रम नहीं, बल्कि जलवायु परिवर्तन से निपटने की दिशा में एक ठोस और व्यावहारिक कदम है। कार्यक्रम के समापन पर सभी प्रतिभागियों ने सामूहिक रूप से रोपे गए प्रत्येक पौधे का संरक्षण, सिंचाई और पालन-पोषण पूरी जिम्मेदारी के साथ करने का संकल्प लिया।
एक पेड़ माँ के नाम 3.0 अभियान के तहत रोपे गए 1000 पुष्पीय पौधे

