NCRNewsUncategorizedअध्यात्मअर्थव्यवस्थादेशबिज़नेसराजनीतिराज्य

दौलताबाद औद्योगिक क्षेत्र में दिन में जलती हैं स्ट्रीट लाइटें, राजेंद्र पार्क क्षेत्र में पसरा रहता है अंधेरा

गुरुग्राम।राजेंद्र पार्क और दौलताबाद औद्योगिक क्षेत्र में दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम (डीएचबीवीएन)  के दावों की पोल खोलती एक बड़ी लापरवाही देखने को मिल रही है। एक ओर जहां दौलताबाद इंडस्ट्रियल एरिया में दिन के उजाले में भी धड़ल्ले से स्ट्रीट लाइटें जलती देखी जा सकती हैं, वहीं दूसरी ओर राजेंद्र पार्क का मुख्य बाजार क्षेत्र रात के समय पूरी तरह अंधेरे के आगोश में समा जाता है। सरकारी संसाधनों की इस बर्बादी और बदइंतजामी को लेकर स्थानीय निवासियों में भारी रोष है। क्षेत्र के निवासी राजेश पटेल, जितेंद्र, बीरेन्द्र, गगन, गौरव, रंजीत आदि का कहना है कि दौलताबाद औद्योगिक क्षेत्र में दिन के समय भी स्ट्रीट लाइटें बंद नहीं की जातीं, जिससे रोजाना भारी मात्रा में बिजली बर्बाद हो रही है। राजेंद्र पार्क स्थित पीएनबी और केनरा बैंक जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में रात के समय दर्जनों पोल होने के बावजूद सिर्फ एक या दो लाइटें ही जलती हैं। बाकी सभी लाइटें महीनों से खराब पड़ी हैं। उनका कहना है कि  पिछले एक साल से रात के समय अंधेरे में चलने को विवश हैं। महिलाओं और राहगीरों के लिए रात में यहां से गुजरना असुरक्षित हो गया है। शिकायत के बाद भी कोई सुनने वाला नहीं है। ट्रांसफार्मर के निकट बिजली के तारों का मकडज़ाल भी दुर्घटना को आमंत्रण दे रहा है। उनका कहना है कि यदि विभाग सभी पोल पर लिमिट स्विच लगा दे, तो लाइटें समयानुसार अपने आप चालू और बंद हो सकेंगी। इससे दिन में होने वाली बिजली की बर्बादी भी रुकेगी और कर्मचारियों की मैन्युअल लापरवाही पर भी लगाम लगेगी। अधिकारियों को औचक सर्वे करना चाहिए, ताकि खराब पड़ी लाइटों को बदला जा सके और दिन में जलने वाली लाइटों को ठीक किया जा सके।