गुरुग्राम। नगर निगम मानेसर की इंफोर्समेंट टीम ने सोमवार को सेक्टर-79 स्थित मेप्सको माउंट विले सोसाइटी में कार्रवाई करते हुए अतिक्रमण को मुक्त करवाया। सोसाइटी ने गांव नौरंगपुर के रेवेन्यू रास्ते पर अतिक्रमण करके गेट लगाया था, अब निगम ने कार्रवाई करते हुए गेट को हटाया और रास्ते पर हुए अतिक्रमण को मुक्त करवाया।नगर निगम के डीटीपी राजेंद्र शर्मा के नेतृत्व में ड्यूटी मजिस्ट्रेट और नगर निगम के एसडीओ शशिकांत की टीम ने कार्रवाई को अंजाम दिया। डीटीपी राजेंद्र शर्मा ने बताया कि गांव नौरंगपुर निवासियों ने निगम को अवगत करवाया कि सोसाइटी ने रेवेन्यू रास्ते पर अतिक्रमण किया हुआ है। रेवेन्यू रास्ते को गेट लगाकर बंद कर दिया और टीन शेड लगाकर मंदिर बनाया हुआ है। नगर निगम की ओर से सोसाइटी को अतिक्रमण हटाने के लिए नोटिस दिए, परंतु सोसाइटी ने अतिक्रमण नहीं हटाया। सोमवार को निगम की टीम थाना खेडक़ी दौला पुलिस के साथ मौके पर पहुंची और रास्ते को कब्जा मुक्त किया। उन्होंने बताया कि सोसाइटी निवासियों के अनुरोध पर मंदिर की शैड् को हटाने के लिए दो दिनों का समय दिया गया है। सोसाइटी स्वयं मंदिर को हटाएगी, दो दिनों के भीतर यदि इसे नहीं हटाया जाता तो निगम की टीम इसपर दोबारा कार्रवाई करेगी। डीटीपी राजेंद्र शर्मा ने निगम क्षेत्रवासियों से अपील करते हुए कहा कि सरकारी जमीन पर कब्जा न करें। इस मौके पर उनके साथ एसडीओ विकास शर्मा, जेई मनदीप, जेई जयवीर यादव सहित अन्य अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।
