गुरुग्राम। नीट पेपर लीक, प्रतियोगी परीक्षाओं में धांधली, बढ़ती बेरोजगारी और महंगाई के खिलाफ रविवार को ऑल इंडिया डेमोक्रेटिक यूथ ऑर्गनाइजेशन (एआईडीवाईओ) के बैनर तले युवाओं द्वारा बाबा प्रकाश पुरी चौक पर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया गया, जिसमें युवाओं ने सरकार की नीतियों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और शिक्षा व्यवस्था में सुधार की मांग की। संगठन के प्रांतीय संयोजक बलवान सिंह एवं राजेश गोस्वामी ने कहा कि लगातार हो रहे पेपर लीक और भर्ती घोटालों ने लाखों युवाओं के भविष्य को अंधकारमय बना दिया है। वर्षों तक कठिन परिश्रम करने वाले युवाओं को बार-बार परीक्षा रद्द होने और भ्रष्टाचार का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार युवाओं को रोजगार देने और निष्पक्ष भर्ती व्यवस्था सुनिश्चित करने में पूरी तरह विफल रही है। संगठन के वरिष्ठ सदस्य इम्तियाज, उपाध्यक्ष वजीर सिंह, कृष्णपाल कश्यप ने केंद्र सरकार से मांग की है कि नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) को तुरंत भंग किया जाए, केंद्रीय शिक्षा मंत्री इस्तीफा दें, रोजगार के अधिकार को मौलिक अधिकार घोषित किया जाए, सभी सरकारी विभागों में खाली पड़े पदों पर तुरंत स्थायी भर्ती की जाए, पेपर लीक और भर्ती घोटालों के दोषियों को कड़ी व उदाहरणात्मक सजा दी जाए। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में युवाओं के मुद्दों को लेकर आंदोलन को और तेज किया जाएगा। संगठन को गांव-गांव और मोहल्लों तक पहुंचाकर अधिक से अधिक युवाओं को इस संघर्ष से जोड़ा जाएगा। प्रदर्शन में संगठन के राहुल, मुकीम, रामेश्वर प्रसाद, रामलाल विश्वकर्मा, सलीम, अजब सिंह, बुलबुल, सुरेश दायमा, जागे, राजेंद्र प्रसाद, संजय प्रसाद, ऋषिपाल, मंगल, ओम प्रकाश, जगरूप, परमानंद, संतोष सिंह, भगवान दास कुशवाहा, कृष्ण कुमार, राम किशोर, लकी और प्यारेलाल आदि शामिल रहे।
पेपर लीक, परीक्षाओं में धांधली व बेरोजगारी को लेकर एआईडीवाईओ ने किया प्रदर्शन

