गुरुग्राम। भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता एवं राज्यसभा सांसद सुधांशु त्रिवेदी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने महिला शक्ति को समुचित स्थान और यथोचित सम्मान दिया है। कांग्रेस और उसकी सहयोगी पार्टियों की नारी विरोधी सोच के चलते नारी शक्ति वंदन संशोधन अधिनियम पास नहीं हो पाया। विपक्ष ने तालियां बजाकर, मेजें थपथपाकर, हंसी उड़ाकर महिला शक्ति का अपमान किया। विपक्ष पर तीखा प्रहार करते हुए सुधांशु त्रिवेदी ने कहा कि संसद में विपक्ष के नेता जिस तरह से अ_ास कर रहे थे वह किसी दानवी अ_ास से कम नजर नहीं आ रहा था।शुक्रवार को गुरुग्राम स्थित भाजपा कार्यालय गुरुकमल में प्रेसवार्ता को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी ने मोदी सरकार की महिला सशक्तिकरण नीतियों को विस्तार से रखा। उन्होंने कहा कि पिछले लगभग 12 वर्षों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में महिलाओं को सम्मान, सुरक्षा और अवसर देने की दिशा में ऐतिहासिक कार्य हुए हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने जिस दिन से सत्ता संभाली है उसी दिन से महिला सशक्तिकरण के विभिन्न आयामों जैसे स्वास्थ्य, शिक्षा, सुरक्षा और आर्थिक स्वतंत्रता पर जोर दिया है।
सुधांशु त्रिवेदी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने सत्ता संभालने के बाद से ही महिला सशक्तिकरण को प्राथमिकता दी है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की कई योजनाएं सीधे तौर पर महिलाओं के जीवन में सकारात्मक बदलाव ला रही हैं। प्रधानमंत्री जन-धन योजना के तहत करोड़ों महिलाओं को बैंकिंग प्रणाली से जोड़ा गया, जिससे उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत हुई। वहीं स्वच्छ भारत अभियान के अंतर्गत बनाए गए शौचालयों ने महिलाओं की गरिमा और सुरक्षा को सुनिश्चित किया है। श्री त्रिवेदी ने बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ योजना का जिक्र करते हुए कहा कि इस अभियान ने समाज में बेटियों के प्रति सोच को बदलने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। हरियाणा जैसे राज्यों में लिंगानुपात में सुधार इसका प्रमाण है। भाजपा सरकार आने से पहले हरियाणा में प्रति हजार लडक़ों पर 834 लड़कियां थीं, वहीं अब यह आंकड़ा बढक़र 923 तक पहुंच गया है।श्री त्रिवेदी ने कहा कि प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के माध्यम से 12 करोड़ से अधिक महिलाओं को धुएं से मुक्ति मिली है, जबकि देशभर में 10 करोड़ से अधिक शौचालयों का निर्माण और 15 करोड़ घरों तक नल से जल की सुविधा पहुंचाना भी महिलाओं के जीवन स्तर को सुधारने की दिशा में मोदी सरकार का बड़ा कदम है। उन्होंने कहा कि इन योजनाओं के लाभार्थियों में बड़ी संख्या महिलाओं की है जो सरकार की नीतियों की सफलता को दर्शाता है। प्रेस वार्ता के दौरान सुधांशु त्रिवेदी ने विपक्षी दलों पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि नारी शक्ति वंदन संशोधन अधिनियम को विपक्ष की नकारात्मक सोच के कारण पारित नहीं किया जा सका। उन्होंने कहा संसद में विपक्षी नेताओं का व्यवहार महिलाओं के सम्मान के खिलाफ था। सदन में जिस प्रकार से हंसी, ताली और उपहास किया गया वह नारी शक्ति का अपमान है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस व विपक्षी पार्टियों का यह आचरण देश की महिलाओं के हृदय में एक शूल की तरह चुभ गया है जिसका उचित समय आने पर विपक्ष को उचित जवाब महिला शक्ति देने का काम करेगी। उन्होंने कहा कि विपक्ष समाज को बांटने की राजनीति कर रहा है और उत्तर-दक्षिण के बीच विभाजन पैदा करने की कोशिश कर रहा है जोकि देशहित के खिलाफ है।
भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता त्रिवेदी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत की उपलब्धियों का जिक्र करते हुए कहा कि आज देश वैश्विक मंच पर नई ऊंचाइयों को छू रहा है। पीएम मोदी के नेतृत्व में भारत चांद के अछूते दक्षिणी ध्रूव पर पहुंचने वाला दुनिया का पहला देश बना। जिस प्वाइंट पर चंद्रयान उतरा उस स्थान का नाम शिव-शक्ति रखा गया। उन्होंने कहा कि यह हमारी हिंदू संस्कृति है जहां शिव और शक्ति को समान स्थान है।
उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार प्रशासनिक, सामाजिक, राजनीतिक और सैन्य क्षेत्रों में भी महिलाओं को समान अवसर देने के लिए प्रतिबद्ध है। सेना में महिलाओं को स्थायी कमीशन देना, एनडीए में महिलाओं का चयन और पंचायतों, शहरी निकायों में महिलाओं की बढ़ती भागीदारी इस दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि मोदी सरकार महिलाओं के आरक्षण के संकल्प को सिद्धि तक पहुंचाएगी। सुधांशु त्रिवेदी ने कहा कि महिलाओं का लोकसभा और विधानसभा में जाने का अवसर था, लेकिन विपक्ष ने रोड़ा अटकाया। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी के नेतृत्व में भाजपा सरकार महिलाओं को उनका हक देने के लिए प्रतिबद्ध है और उसे अंतिम परिणीति तक पहुंचाएगी। श्री त्रिवेदी ने कहा कि अभी अवसर चूका है, लेकिन अंतिम निर्णय बाकी है। विपक्ष पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि अब विपक्ष कहीं मुंह दिखाने लायक नहीं रह गया है। विपक्ष ने अक्षम्य अपराध किया है जिसको देश कभी नहीं भूलेगा।
नारी शक्ति वंदन संशोधन अधिनियम का विपक्ष द्वारा किया विरोध देश कभी नहीं भूलेगा: सुधांशु त्रिवेदी

