गुरुग्राम। प्रदेश सरकार की कथित हठधर्मिता और वादाखिलाफी के विरोध में नगर निगम व फायर कर्मचारियों ने अपनी हड़ताल को 6 सितंबर तक 4 दिन आगे बढ़ाने का ऐलान कर दिया है। सरकार द्वारा फायर विभाग के कर्मचारियों को जारी कारण बताओ नोटिस और सस्पेंशन ऑर्डर के विरोध में शुक्रवार को नगरपालिका कर्मचारी संघ के बैनर तले कर्मचारियों ने पुराने निगम कार्यालय से अग्रसेन चौक तक विरोध जुलूस निकाला। सरकार द्वारा जारी नोटिसों की प्रतियां जलाई गईं। इसके बाद जुलूस पुराने रेलवे रोड, जैकम पुरा, सोहना चौक और सदर बाजार से होता हुआ वापस पुराने निगम कार्यालय पर समाप्त हुआ। प्रदर्शन के दौरान कर्मचारियों ने व्यापारियों और आम जनता के बीच पर्चे वितरित कर सरकार की वादाखिलाफी की जानकारी दी और सहयोग की अपील की। कर्मचारी नेताओं बसंत कुमार, सम्मी बोहत, साहून खान, धर्मेंद्र जिंगाला, भारत कांगडा, ज्ञानचंद, तेजपाल, सीमा देवी, अनीता, पिंकी आदि का कहना है कि हड़ताल के दौरान सफाई व्यवस्था के नाम पर फर्जी बिल बनाकर कुछ ठेकेदारों और अधिकारियों द्वारा सरकारी धन की लूट की जा रही है। संघ ने इन सभी भुगतानों की जांच की मांग की है। पुलिस के सहारे कूड़ा उठवाने का दिखावा किया जा रहा है और हड़ताली महिला व बुजुर्ग कर्मचारियों को हिरासत में लेकर उनका उत्पीडऩ किया जा रहा है। उनका कहना है कि शहरी स्थानीय निकाय मंत्री के विभाग के कर्मचारी सडक़ों पर हैं और जनता परेशान है, लेकिन वे समाधान निकालने में नाकाम रहे हैं। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री पर भी वादाखिलाफी का आरोप लगाया गया कि मुख्यमंत्री से वार्ता कराने का उनका आश्वासन अब तक पूरा नहीं हुआ है। सरकार शीघ्र उनकी मांगों को पूरा करे, वरना धरना लगातार जारी रहेगा। किसान, मजदूर, सीआईटीयू और विभिन्न दलित व सामाजिक संगठनों ने भी कर्मचारियों की मांगों का खुलकर समर्थन किया है। कर्मचारी नेताओं ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि 6 सितंबर तक मांगों का सम्मानजनक समाधान नहीं हुआ, तो इस हड़ताल को अनिश्चितकाल के लिए आगे बढ़ाया जा सकता है।
6 सितंबर तक बढ़ी; गुरुग्राम में नोटिसों की प्रतियां जलाकर निकाला जुलूस

