NCRNewsUncategorizedदेशबिज़नेसराजनीतिराज्य

6 दिवसीय श्रीमद् देवी भागवत भक्ति रस सप्ताह का हुआ शुभारंभ

गुरुग्राम। चैत्र नवरात्र के उपलक्ष्य में धार्मिक संस्था श्री गीता साधना सेवा समिति द्वारा 6 दिवसीय श्रीमद् देवी भागवत भक्ति रस सप्ताह का आयोजन शनिवार से शुरु हो गया, जिसका शुभारंभ हरिद्वार तपोवन के गीताज्ञानेश्वर डा. स्वामी दिव्यानंद महाराज ने विधिवत रुप से किया। डॉ. स्वामी दिव्यानंद महाराज ने कहा कि यदि जीवन में उत्साह हो तो कठिन कार्य भी सर और सुगम हो जाते हैं। बड़े-बड़े कार्य बोझ रहित सिद्ध हो जाते हैं। जीवन में उत्साह बना रहे इसीलिए किसी न किसी रूप में भारतीय वैदिक संस्कृति ने हमें उत्सव, व्रत और त्यौहार दिए हैं। विशेष रूप से भक्ति-ज्ञान के मार्ग में। ये भक्ति साधनाएं सरल नहीं, बल्कि बहुत कठिन है। नए तरीके से जीवन जीना होता है, साहस चाहिए। उदाहरण स्वरुप यदि टमाटर खरीदने के लिए 20 रुपए देने हों तो टमाटरों को अच्छी तरह देखते हैं। भक्ति मार्ग में तो सर्वस्व समर्पण है वह भी उन ठाकुर जी के सामने ? जिन्हें हमने देखा तक नहीं? और चाहिए भी पूर्ण समर्पण। इन रहस्यों को न समझने वाले भले ही सरल समझ लेवें वह अलग बात है। हां कठिन भक्ति भी आसान लगेगी यदि जीवन में उत्साह होगा। महाराज जी का कहना है कि देश में तो भिन्न-भिन्न ऋतुओं के आधार पर भी उत्सव होते हैं। नवरात्र महोत्सव केवल कुछ भावुक लोगों की भावुक बातें नहीं है, इन उत्सवों के पीछे बहुत बड़ा विज्ञान भी काम कर रहा है। जब ऋतु बदलती है एवं इम्यूनिटी पावर कम हो जाता है। जैसे ठंड के बाद गर्मी या सहसा गर्मी के बाद ठंडी, रोग भी हो जाते हैं। विशेष प्रकार से रहना, खाना-पीना, संयम रखना – शक्ति की आराधना यह बहुत बड़ा उपचार है। आश्रम के महाप्रबंधक राजेश गाबा का कहना है कि महोत्सव के प्रथम दिन विधिवत रुप से कलश स्थापना व यात्रा पूजन किया गया, जिसमें राजेश गाबा, वेद आहूजा, वीणा, साधना, रेणु वर्मा आदि ने पूजन किया। आयोजन में बड़ी संख्या में साधक शामिल हुए और महाराज के विचारों का श्रवण किया।