NCRNewsUncategorizedWorldअध्यात्मअर्थव्यवस्थादेशबिज़नेसराजनीतिराज्य

4 दिवसीय बीआरई समिट एंड एक्सपो 2026 का आयोजन

गुरुग्राम। भारत नवीकरणीय ऊर्जा शिखर सम्मेलन एवं एक्सपो 2026 का आयोजन देश की राजधानी दिल्ली स्थित भारत मंडपम में आगामी 2 से 5 नवंबर तक होगा। जिसका शुभारंभ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा किया जाएगा, जो स्वच्छ ऊर्जा और सतत विकास के प्रति भारत की मजबूत प्रतिबद्धता को रेखांकित करता है। कार्यक्रम में 34 देशों को बीआरई एक्सपो और 128 देशों को आईएसए असेंबली के लिए आमंत्रित किया गया है। उक्त घोषणा केंद्रीय नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा मंत्री प्रल्हाद जोशी ने एक कार्यक्रम में की है। उनका कहना है कि यह समिट पहली बार तीन प्रमुख वैश्विक आयोजनों—बीआरई समिट एंड एक्सपो 2026, अंतरराष्ट्रीय सौर गठबंधन असेंबली का 9वां सत्र और हरित हाइड्रोजन पर चौथा अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन को एक मंच पर लाएगा। उनका कहना है कि भारत जल्द ही 300 गीगावाट गैर जीवाश्म ईंधन क्षमता पार कर लेगा। साथ ही, पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के लाभार्थियों का आंकड़ा जल्द 50 लाख परिवारों तक पहुँचने वाला है। समारोह में मंत्री ने आधिकारिक लोगो ऊर्जा चक्र, डिजिटल पोर्टल और मोबाइल ऐप भी लॉन्च किया। विद्युत राज्य मंत्री श्रीपाद येसो नाइक ने राजस्थान के सौर संसाधनों और गुजरात के खवड़ा में बन रहे दुनिया के सबसे बड़े हाइब्रिड नवीकरणीय ऊर्जा पार्क का उल्लेख करते हुए सहकारी संघवाद पर जोर दिया। वहीं, मंत्रालय के सचिव संतोष कुमार सारंगी ने बताया कि ऊर्जा परिवर्तन का अगला चरण बैटरी स्टोरेज, फ्लोटिंग सोलर, एग्रीवोल्टिक्स और राष्ट्रीय हरित हाइड्रोजन मिशन से संचालित होगा। यह शिखर सम्मेलन वैश्विक निवेशकों, शोधकर्ताओं और उद्योगों को नए सहयोग और निवेश के लिए सशक्त मंच प्रदान करेगा।