गुरुग्राम। गुरु पूर्णिमा पर्व के उपलक्ष्य में धार्मिक संस्था श्रीगीता साधना सेवा समिति द्वाराज्योति पार्क क्षेत्र स्थित श्रीगीता आश्रम में आज शनिवार से 2 दिवसीय श्रीसतगुरु पूर्णिमा महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। आश्रम के मुख्य प्रबंधक राजेश गाबा का कहना है कि इस 2 दिवसीय कार्यक्रम का आयोजन डा. स्वामी दिव्यानंद महाराज के पावन सानिध्य में किया जाएगा। कार्यक्रम प्रात: व सायं होगा। जिसमें भक्ति संगीत एवं सत्संग भी होगा। महाराज श्री अपने मुखारविंद से गुरु की महिमा का वर्णन करते हुए सत्संग करेंगे। मुख्य प्रबंधक ने श्रद्धालुओं व क्षेत्रवासियों तथा गणमान्य व्यक्तियों से आग्रह किया है कि 2 दिवसीय कार्यक्रम में बढ़-चढकर भाग लेकर धर्मलाभ उठाएं। स्वामी दिव्यानंद महाराज का कहना है कि व्यास पूर्णिमा ज्ञान कला के रुप में परमात्मा का ही सतगुरु रुप में प्राकट्य दिवस है। केवल धर्मगुरु ही नहीं सतगुरु की शरण लेने से मंत्र दीक्षा के साथ जीवन जीने के भी मंत्र ग्रहण करने चाहिए। उनका यह भी कहना है कि सतगुरु का उपदेश-संदेश- आदेश और आचरण, शिष्य का श्रेय और प्रेय मार्ग प्रशस्त करता है। जहां यह मार्ग सत्यान्वेषण का मार्ग है, महज मजहबी मार्ग नहीं है। आयोजन की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।