NCRNewsUncategorizedअर्थव्यवस्थादेशबिज़नेसराजनीतिराज्य

सादर इंडिया ने शान ए तिरंगा सम्मान समारोह का किया आयोजन

गुरुग्राम। आजाद हिंद फौज के संस्थापक नेताजी सुभाष चंद्र बोस और सैनिकों के ऐतिहासिक पराक्रम की याद में तथा तिरंगे के सम्मान में मंगलवार को सेक्टर 28 स्थित सामाजिक संस्था सादर इंडिया के कार्यालय परिसर में शान ए तिरंगा सम्मान समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें सामाजिक कार्यकर्ताओं, वॉलिंटियर्स तथा गणमान्य नागरिकों ने नेताजी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर राष्ट्रीय ध्वज तिरंगे को नमन व सैल्यूट किया। सादर इंडिया के संस्थापक अध्यक्ष एवं हरियाणा के पूर्व पुलिस महानिदेशक शील मधुर ने कहा कि आज का दिन भारतवासियों के लिए बहुत ही गौरवपूर्ण ऐतिहासिक दिन है क्योंकि आज के ही दिन 30 दिसंबर, 1943 को नेताजी सुभाष चंद्र बोस ने जापानी सेना के सहयोग एवं अपनी आजाद हिंद फौज के वीर सैनिकों के साहस, शौर्य और पराक्रम से अंग्रेजी सेना को हरा कर भारत भूमि अंडमान, निकोबार द्वीपों को अंग्रेजों की गुलामी से आजाद करवाया था तथा उनके नाम बदल कर शहीद एवं स्वराज द्वीप रखे थे और पोर्ट ब्लेयर में तिरंगा लहरा कर भारत की आजादी का बिगुल बजाया था, जिससे अंग्रेजी सरकार की चूलें हिल गई थीं। उन्होंने कहा कि इससे देशवासियों में अदम्य उत्साह और विश्वास का संचार हुआ था कि अब पूरा भारत भी हम देशवासी अपने बलबूते, अपनी ताकत से आजाद करवा लेंगे और अंग्रेजों को भगाने में कामयाब रहेंगे। उन्होंने कहा कि इस घटना से अंग्रेजी सरकार में यह डर बैठ गया कि वे अब भारत को ज्यादा समय गुलाम नहीं रख पाएंगे।  पूर्व महानिदेशक शील मधुर ने राष्ट्रीय ध्वज तिरंगे के साथ-साथ आजाद हिंद फौज के ध्वज को भी नमन किया और उन सभी वीर सैनिकों को भी नमन किया जिनकी शहादत और शौर्य से यह कार्य संभव हो सका था। उन्होंने कहा कि यह अवसर उन सभी स्वतंत्रता सेनानियों के शौर्य और शहादत की याद दिलाता है, जिन्होंने पूरे देश में और विशेष रूप से पोर्ट ब्लेयर की जेल में अमानवीय अत्याचार सहे, उन सभी को सादर नमन। उन्होंने कहा कि हम सभी देशवासियों को इस ऐतिहासिक अवसर पर यह संकल्प लेना होगा कि अपने देश की एकता और अखंडता को बनाए रखने के लिए हम सब वह हर संभव कार्य और कोशिश करेंगे जो हमें करना चाहिए। इस अवसर पर संस्था से जुड़े लोगों ने भी नेताजी को नमन कर उनके चित्र पर पुष्प अर्पित किए।