गुरुग्राम साईबर सिटी में फिर से प्रदूषण फैलना शुरु हो गया है। बदलते मौसम के साथ-साथ वायु प्रदूषण का स्तर भी बढ़ता जा रहा है। लॉकडाउन के दौरान प्रदूषण अपने न्यूनतम स्तर पर था, लेकिन जब सार्वजनिक सेवाएं अनलॉक में खोली गई तो प्रदूषण धीरे-धीरे फिर से बढऩा शुरु हो गया। बदलते मौसम में प्रात: काल ही आसमान में धुंध सी छानी शुरु हो गई है। बताया जाता है कि यह धुंध नहीं है अपितु बढ़ते प्रदूषण का प्रकोप है। वाहनों की संख्या साईबर सिटी में अधिक होने के कारण वायु प्रदूषण फैलना शुरु हो गया है। शहर के अतिव्यस्त चौराहों न्यू रेलवे रोड, अग्रसैन चौक, अग्रवाल धर्मशाला, पुरानी जेल चौक, सोहना चौक, सैक्टर 4/7 चौक, बाबा प्रकाशपुरी चौक आदि क्षेत्रों में जब वाहन रेड लाइट पर रुकते हैं तो धूएं का गुब्बार स्पष्ट दिखाई देता है। यही नहीं धनवापुर रेलवे फाटक पर तो स्थिति और भी अधिक खराब है। रेलगाडिय़ों के आने से जब रेलवे फाटक बंद होता है तो दोनों ओर वाहनों की लंबी-लंबी कतारें लग जाती हैं। फाटक खुलने के बाद वाहनों से निकलने वाला धुंआ इतना अधिक होता है कि आसमान में धूंए का गुब्बार दिखाई देने लगता है। ऐसे में लोग कोरोना से बचाव के लिए जारी सामाजिक दूरी का कैसे पालन कर पाएंगे, यह विचारनीय विषय है। वाहनों की अब इतनी अधिक संख्या सडक़ों पर दिखाई देने लगी है कि सामाजिक दूरी को मेंनटेंन करना एक टेढ़ी खीर बन गई है। अब कोरोना से पूर्व की स्थिति स्पष्ट दिखाई देनी शुरु हो गई है। हालांकि प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड बढ़ते प्रदूषण को कम करने में जुटा बताया जाता है। आज वीरवार को प्रदूषण की निगरानी के लिए ग्रेडेड रेस्पोंस एक्शन प्लान यानि कि ग्रेप का पालन कराने के लिए नगर निगम में अधिकारियों की जिम्मेदारी भी लगा दी गई है। दिन-प्रतिदिन हवा की गुणवत्ता की निगरानी भी की जाएगी, ताकि बढ़ते प्रदूषण को रोका जा सके।
साईबर सिटी में दिन-प्रतिदिन बढऩे लगा है प्रदूषण वाहनों से निकलने वाले धुंए का आसमान में दिखाई देने लगता है गुब्बार


Comment here