गुरुग्राम। ईसाई समुदाय द्वारा वीरवार को प्रभू यीशू मसीह के जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में क्रिसमस के पर्व की साईबर सिटी में धूम रही। शहर के विभिन्न क्षेत्रों स्थित चर्चों में क्रिसमस के अवसर पर विशेष प्रार्थना सभा का आयोजन किया गया, जिसमें समुदाय से जुड़े लोगों ने भाग लिया। चर्च को रोशनियों, कैंडल्स, सांता क्लॉज आदि से सजाया गया था। ईसाई समुदाय के लोगों को बाईबल से संबंधित प्रसंग सुनाए गए। हिन्दी एवं अंग्रेजी में कैरोल गायन हुआ। सिविल लाइंस क्षेत्र स्थित एपिफेनी चर्च के पादरी के मुताबिक क्रिसमस पर्व से पहले से ही चर्च में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन शुरू हो गया था, लेकिन बीती देर शाम प्रार्थना सभा के साथ शुरू हुआ। रात में 11 बजे से ही प्रार्थना सभा शुरू हो गई। अद्र्धरात्रि को चर्च का घंटा बजाकर प्रभु के जन्म का उद्घोष किया गया। इस उद्घोष के साथ ही चर्च से जुड़े लोगों ने कैरोल गाते हुए नृत्य किया तथा खुशियां मनाई। इसी प्रकार कन्हई स्थित चर्च ऑफ इमाकुलेट कंशेप्शन एवं न्यू कालोनी चर्च में भी क्रिसमस पर्व बड़े धूमधाम के साथ मनाया गया। चर्च के फादर ने बताया कि लोगों ने साइलेंट नाइट होली नाइट ऑल इज कम ऑल इज ब्राइट, आया मसीह आया, बेथलहम के गौशाला में जन्मा हमारा येशु राजा, तेरी जय जयकार अमन के राजकुमार आदि कैरोल गाए। चर्च परिसर को क्रिसमस ट्री, फूल पौधों, क्रिब, उपहार बैलून से सजाया गया। चर्च परिसर में गौशाला, ईसा मसीह के जन्म पर खुशियों के गीत गाते चरवाहों की झांकियां बनाई गई।
बाजार व मॉल्स में रही लोगों की भीड़
शहर के मुख्य सदर बाजार व एमजी रोड स्थित मॉल्स में भी क्रिसमस की धूम दिखाई दी। क्रिसमस के अवसर पर सांता क्लॉज व क्रिसमस ट्री से मॉल्स व दुकानों को सजाया गया था, जोकि लोगों का आकर्षण का केंद्र बने हुए थे। क्रिसमस ट्री सांता क्लॉज, उपहार, स्लेज, रेनडियर की झांकिया भी लोगों को आकर्षित कर रही थी। सांता क्लॉज का रुप धारण किए सांता क्लॉज बच्चों को उपहार वितरित करते भी दिखाई दिए। सांता क्लॉज के साथ सेल्फी लेने वाले भी पीछे नहीं रहे।
प्रशासन रहा सतर्क
उधर जिला प्रशासन ने भी शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए सार्वजनिक स्थानों व मॉल्स के आस-पास पुलिसकर्मी तैनात किए थे, ताकि किसी प्रकार की कोई अप्रिय घटना घटित न हो जाए। पुलिस के उच्चाधिकारी शॉपिंग मॉल्स व बाजारों में सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते दिखाई दिखाई दिए।
साईबर सिटी में क्रिसमस की रही धूम

