NCRNewsScienceTechnologyUncategorizedअर्थव्यवस्थादेशबिज़नेसराज्य

सर्जिकल अभियान में चार दिन में 474 मरीजों का उपचार, 112 की हुई सर्जरी

गुरुग्राम। जिला में आयुष्मान भारत योजना के लाभार्थियों को अधिक से अधिक सर्जिकल उपचार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से विशेष सर्जिकल अभियान 22 नवंबर तक चलाया जा रहा है। अभियान के सुचारू संचालन के लिए सिविल सर्जन की ओर से जिले के सभी सरकारी अस्पतालों, चिकित्सकों, पैरामेडिकल स्टाफ और आशा वर्कर्स को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं।
डीसी अजय कुमार के मार्गदर्शन तथा सीएमओ डॉ. अलका सिंह के दिशा-निर्देशन में सभी स्वास्थ्य कर्मियों को अपने-अपने क्षेत्रों में ईएनटी, गयनोकोलॉजी, जनरल सर्जरी, ऑर्थोपेडिक्स से संबंधित सर्जिकल मामलों की पहचान कर उन्हें सिविल अस्पताल में उपचार एवं ऑपरेशन हेतु रेफर करने के निर्देश दिए गए हैं। आयुष्मान भारत योजना के लाभार्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए सिविल अस्पताल गुरुग्राम में एक अलग सहायता काउंटर स्थापित किया गया है, जहां पंजीकरण से लेकर ऑपरेशन तक की सभी प्रक्रियाएं सहज एवं समयबद्ध रूप से पूरी की जा रही हैं।
सीएमओ डॉ. अलका सिंह ने बताया कि अभियान के दौरान गुरुग्राम जिले में अधिकतम संख्या में जरूरतमंद मरीजों को लाभ पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है। इसी क्रम में पिछले चार दिनों में 474 मरीजों का उपचार किया गया है, जिनमें से 112 मरीजों की सर्जरी सफलतापूर्वक की गई। अभियान के आगामी दिनों में भी सर्जिकल मामलों की पहचान और उपचार की गति और तेज की जाएगी, ताकि हर पात्र मरीज योजनांतर्गत पूर्ण लाभ प्राप्त कर सके।