गुरुग्राम। सरस्वती एन्क्लेव कॉलोनी के निवासियों को पिछले करीब 5 वर्षों से मिल रही नारकीय जीवन से जल्द ही मुक्ति मिलने वाली है। कॉलोनी में साल 2021 से लगातार चली आ रही मुख्य सीवर लाइन के ओवरफ्लो की गंभीर समस्या के स्थायी समाधान के लिए आखिरकार नई सीवर लाइन डालने के कार्य का भव्य शिलान्यास कर दिया गया है। नई सीवर लाइन डालने के कार्य के शिलान्यास के अवसर पर कॉलोनी में एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान पार्षद अवनीश राघव, आरडब्ल्यूए के हरिओम प्रधान और वाइस चेयरमैन रणवीर अत्री और गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति में कार्य की शुरुआत कराई गई। रणवीर अत्री का कहना है कि क्षेत्र में सीवर ओवरफ्लो की इस समस्या के कारण गलियों में गंदा पानी जमा रहता था, जिससे महामारी फैलने का खतरा बना हुआ था। इस मुद्दे को लेकर सरस्वती एन्क्लेव आरडब्ल्यूए लगातार प्रयासरत थी। उन्होंने स्वयं इस समस्या से नगर निगम के कार्यकारी अभियंता, उपमंडल अभियंता, कनिष्ठ अभियंता और क्षेत्रीय निगम पार्षद को कई बार लिखित और मौखिक रूप से अवगत कराया था। पार्षद अवनीश राघव ने नगर निगम के उच्च अधिकारियों के साथ निरंतर बैठकें कीं और अपने अथक प्रयासों व प्रशासनिक पैरवी के बल पर नई सीवर लाइन के प्रोजेक्ट को न केवल मंजूरी दिलाई, बल्कि इसके लिए बजट भी पास कराया। क्षेत्रवासियों ने कहा कि नई लाइन डलने से हजारों परिवारों को जलभराव और बदबू से हमेशा के लिए निजात मिल जाएगी। इस मौके पर स्थानीय निवासियों ने लड्डू बांटकर अपनी खुशी का इजहार किया।
सरस्वती एन्क्लेव क्षेत्र में सीवर ओवरफ्लो समस्या होगी खत्म, नई लाइन का हुआ शिलान्यास

