गुरुग्राम। समाजवादी पार्टी (सपा) हरियाणा की निवर्तमान प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक का आयोजन जिले के गांव मोलाहेडा स्थित समाजवादी लोहिया वाहिनी के कार्यालय में पूर्व प्रदेशाध्यक्ष सुरेंद्र सिंह भाटी की अध्यक्षता में लोहिया वाहिनी के प्रदेशाध्यक्ष मनीष यादव के सौजन्य से किया गया। सुरेंद्र ङ्क्षसह भाटी ने कहा कि प्रदेश में सपा के संगठन को मजबूती मिल रही है। करीब 12 वर्ष के कार्यकाल में कार्यकर्ताओं का पूरा सहयोग मिला। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आग्रह किया है कि सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के विजन को जनता तक पहुँचाने का कार्य पहले से ज्यादा जोश के साथ करें ताकि आगामी विधानसभा व लोकसभा चुनावों में पार्टी पूरी ताकत के साथ उतर सके। पार्टी को मजबूती देने वाले राजेश यादव, मनीष यादव, पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष पूरन चंद सोनी, टीएस गौड़, युवजन सभा के राष्ट्रीय सचिव नवीन मलिक, अमन ढांडा, गुरुग्राम जिलाध्यक्ष रामवीर यादव, कार्यकारिणी के पूर्व सदस्य तेजपाल यादव, समाजवादी अम्बेडकर वाहिनी के राष्ट्रीय सचिव प्रदीप रंगा, प्रदेश अनुशासन समिति के महासचिव ओमप्रकाश सैनी, समाजवादी अल्पसंख्यक सभा के प्रदेश अध्यक्ष रहीस खान, अल्पसंख्यक सभा के जिलाध्यक्ष कासिम खान आदि कार्यकर्ताओं का गर्मजोशी के साथ स्वागत किया गया। राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव, लोहिया वाहिनी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अभिषेक यादव और हरियाणा लोहिया वाहिनी के प्रदेश अध्यक्ष मनीष यादव के निर्देश अनुसार बॉबी यादव कार्टरपूरी को हरियाणा समाजवादी लोहिया वाहिनी का प्रदेश सचिव मनोनीत किया गया। बैठक में मुलायम यूथ ब्रिगेड के प्रदेश अध्यक्ष अमन ढांडा, कार्यकारिणी सदस्य शिवम यादव, समाजवादी व्यापार सभा प्रदेश महासचिव राजाराम यादव, भिवानी विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र शर्मा, पूर्व जिलाध्यक्ष फरीदाबाद केशव देव सिंह, बब्बल खान आदि मौजूद रहे।
समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं की बैठक का हुआ आयोजन

