NCRNewsUncategorizedअध्यात्मअर्थव्यवस्थादेशबिज़नेसराजनीतिराज्य

सनातन हिंदू सम्मेलन का हुआ आयोजन

गुरुग्राम।धार्मिक संस्था हिंदू जागृति मंच द्वारा सैक्टर 9ए स्थित श्री गौरीशंकर मंदिर परिसर में सनातन हिंदू सम्मेलन का आयोजन समाजसेवी नरेंद्र पाल चंडोक की अध्यक्षता में किया गया। आयोजन समिति के अध्यक्ष सांवरमल केडिया का कहना है कि इस सम्मेलन में बड़ी संख्या में सामाजिक, धार्मिक संगठनों के प्रतिनिधि, गणमान्य लोग शामिल हुए और आयोजन में विभिन्न धार्मिक एवं सामाजिक विषयों पर गहन विचार-विमर्श किया गया। संस्था के संरक्षक धर्माचार्य हरीश उपाध्याय व संयोजक सुभाष ग्रोवर अधिवक्ता का कहना है कि आयोजन में मुख्य अतिथि के रुप में पंजाबी बिरादरी महासंगठन के चेयरमैन बोधराज सीकरी, आरएसएस के प्रचारक प्रदीप सहित डा. अलका शर्मा भी शामिल हुई। वक्ताओं ने कहा कि इस सम्मेलन का उद्देश्य हमारे धर्म, संस्कृति और संस्कारों के प्रति जागरुकता बढ़ाना और समाज में एकता स्थापित करना है। जो धर्म की रक्षा करता है, धर्म उसकी रक्षा करता है। हिंदू धर्म कोई संकीर्ण पूजा पद्धति नहीं, अपितु जीवन जीने की एक समग्र कला है। उन्होंने कहा कि विश्व शांति और मानव कल्याण के लिए भारत में हिंदू समाज का एकजुट रहना आज नितांत आवश्यक है। यदि भारत एक शरीर है तो हिंदू उसकी आत्मा हैं और यह संबंध सनातन काल से चला आ रहा है। आयोजन का उद्देश्य हिंदू समाज में नई ऊर्जा और चेतना का संचार करना है। हिंदू समाज को संगठित रहकर सनातन संस्कृति, सनातन धर्म और सामाजिक एकता को मजबूत करना चाहिए। सम्मेलन के बाद विशाल भण्डारे का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया। आयोजन को सफल बनाने में संस्था के विजय अरोड़ा, राजकुमार, एसपी चितोडिय़ा, त्रिवेदी तथा महिला मंडल की पदाधिकारियों का सहयोग रहा।