गुरुग्राम। विश्व धर्म चेतना मंच एनसीआर व दिल्ली के तत्वावधान एवं श्री सिद्धेश्वर तीर्थ ब्रह्मऋषि आश्रम, तिरुपति के सौजन्य से दिल्ली के तालकटोरा इंडोर स्टेडियम (एनडीएमसी) में 12 जुलाई को आयोजित होने वाले श्री गुरु पूर्णिमा महामहोत्सव 2025 को दिव्य और भव्य बनाने के लिए जोरशोर से तैयारियां की जा रही हैं। समाजसेविका अनीता लूथरा अग्रवाल व युवा समाजसेवी समर्थ अग्रवाल ने बताया कि सिद्धगुरुवर गुरुदेव अपनी दिव्य वाणी और शक्ति संचार से साधकों का मार्गदर्शन करेंगे। आयोजन की तैयारियों को लेकर बैठक भी आयोजित की गई, जिसमें विश्व धर्म चेतना मंच दिल्ली के अध्यक्ष एसएन चांडक, नोएडा अध्यक्ष जेठमल मेहता एवं हरियाणा अध्यक्ष संजय शर्मा शामिल रहे। उनका कहना है कि इस आयोजन में देश ही नहीं, बल्कि विदेशों से हजारों की संख्या में श्रद्धालु शामिल होंंगे और सिद्धगुरुवर सिद्धेश्वर ब्रह्मऋषि गुरुदेव के अमूल्य सत्संग व दिव्य सान्निध्य का लाभ मिलेगा। उनका कहना है कि जब धरा पर अधर्म, अज्ञान और अव्यवस्था का अंधकार गहराता है, तब कोई दिव्य चेतना स्वयं प्रकट होकर मानवता को प्रकाश का मार्ग दिखाती है। यह आयोजन न केवल एक धार्मिक अनुष्ठान है, बल्कि यह एक विराट आत्मिक जागरण का महोत्सव होगा। हरियाणा के अध्यक्ष संजय शर्मा का कहना है कि सिद्धेश्वर ब्रह्मऋषि गुरुदेव केवल एक संत नहीं, बल्कि एक जाग्रत ब्रह्मर्षि हैं—जिनका जीवन योग, ज्ञान, सेवा और करुणा का आदर्श समन्वय है। सिद्धगुरुवर सिद्धेश्वर ब्रह्मऋषि गुरुदेव, इस अवसर पर हजारों साधकों को अपने शक्ति संचार और प्रबुद्ध वाणी से एक नए जीवन बोध की ओर अग्रसर करेंगे।