NCRNewsUncategorizedअध्यात्मअर्थव्यवस्थादेशबिज़नेसराजनीतिराज्य

श्रीकृष्ण जन्म कथा का प्रसंग सुनकर श्रद्धालुओं हुए भक्तिभाव में लीन

गुरुग्राम। सैक्टर 9 हाउसिंग बोर्ड कालोनी के धर्मप्रेमियों द्वारा क्षेत्र में आयोजित श्रीमदभागवत कथा के 5वें दिन वीरवार को कथाव्यास आचार्य भरतलाल शास्त्री ने श्रीकृष्ण जन्म की कथा सुनाकर भक्तों को मंत्रमुग्ध कर दिया। इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु भक्ति भाव में लीन रहे। कथा वाचक ने भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव की कथा का भावपूर्ण वर्णन किया। उन्होंने बताया कि मथुरा की कारागार में आधी रात को, जब अत्याचार चरम पर था, तब भगवान विष्णु ने श्रीकृष्ण के रूप में देवकी नंदन बनकर अवतार लिया। उन्होंने वासुदेव जी द्वारा शिशु श्रीकृष्ण को यमुना पार गोकुल पहुंचाने, शेषनाग द्वारा यमुना के जल को रोकने और नंद बाबा के घर आनंदोत्सव मनाए जाने का मनोहारी वर्णन किया। इस प्रसंग पर पूरा पंडाल नंद के आनंद भयो, जय कन्हैया लाल की के जयकारों से गूंज उठा। कथा व्यास ने कहा कि जब-जब पृथ्वी पर धर्म की हानि होती है, तब-तब भगवान किसी न किसी रूप में अवतार लेकर अधर्म का नाश करते हुए धर्म की स्थापना करते हैं। उन्होंने जोर दिया कि श्रीकृष्ण का जन्म केवल एक ऐतिहासिक घटना नहीं, बल्कि सत्य, प्रेम, करुणा और धर्म का संदेश भी है, जो मानव जीवन को सही मार्ग दिखाता है। आयोजन को सफल बनाने में सत्यप्रताप शर्मा, विजय, विशाल,ख् दीपक, मंजीत, प्रेम आदि जुटे हुए हैं। उनका कहना है कि प्रतिदिन कथा का आयोजन किया जा रहा है। बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचकर कथा श्रवण कर आनंदित हो रहे हैं।