गुरुग्राम। शिक्षा के क्षेत्र में नवाचार और उत्कृष्ट योगदान के लिए भीमगढ़ खेड़ी स्थित गवर्नमेंट मॉडल संस्कृति प्राइमरी स्कूल में कार्यरत शिक्षक हितेश मेहरा को राज्य शिक्षक पुरस्कार 2025 से नवाजा गया है। पंचकूला में आयोजित राज्य स्तरीय शिक्षक दिवस समारोह के दौरान प्रदेश के राज्यपाल प्रो. असीम घोष, मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा ने उन्हें यह प्रतिष्ठित सम्मान प्रदान किया। शिक्षक हितेश मेहरा को यह पुरस्कार शिक्षा में उनके बहुआयामी योगदान, छात्रों के सर्वांगीण विकास और शैक्षणिक सामग्री निर्माण के लिए दिया गया है। उन्होंने निपुण हरियाणा मिशन के तहत प्रकाशित बालगीत मंजूषा और पहेलियाँ पुस्तकों के डिजाइन और निर्माण में उन्होंने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। एनसीईआरटी व एससीईआरटी के कई महत्वपूर्ण शैक्षणिक प्रोजेक्ट्स और दीक्षा ार्यक्रम में उन्होंने बतौर समीक्षक सक्रिय योगदान दिया। कक्षा में बच्चों को भयमुक्त वातावरण प्रदान कर खेल-खेल और मनोरंजक गतिविधियों के जरिए पढ़ाना उनकी मुख्य शिक्षण शैली रही है। छात्रों को हिंदी पखवाड़ा, पहाड़ा प्रतियोगिता और सुलेख जैसी प्रतियोगिताओं के लिए प्रेरित करने के साथ-साथ स्काउट एंड गाइड के तहत कब और बुलबुल गतिविधियों को आगे बढ़ाने में उनका अहम योगदान रहा। सम्मान प्राप्त करने के बाद गुरुग्राम के शिक्षा विभाग, स्कूल स्टाफ और स्थानीय निवासियों ने शिक्षक हितेश मेहरा को बधाई दी। शिक्षा अधिकारियों ने कहा कि हितेश मेहरा का यह समर्पण और कार्यशैली प्रदेश के अन्य शिक्षकों के लिए भी प्रेरणास्रोत है।
शिक्षक हितेश मेहरा को नवाजा गया राज्य शिक्षक पुरुस्कार से

