गुरुग्राम। शहर के विभिन्न क्षेत्रों में स्ट्रीट लाईट व्यवस्था चरमराई हुई है। बारिश के मौसम में बंद पड़ी स्ट्रीट लाईट वाहन चालकों के लिए घातक साबित हो रही हैं। सदैव दुर्घटना घटित होने का भय बना रहता है। अंधेरा होने के कारण असामाजिक तत्व भी अपनी कारस्तानी करने से बाज नहीं आते। यानि कि उनको भी बढ़ावा मिल रहा है। रेलवे स्टेशन मार्ग, बाबा प्रकाश पुरी चौक से धनवापुर मार्ग पर दर्जनों स्ट्रीट लाईटें लगी हैं, लेकिन अधिकांश बंद ही रहती हैं। क्षेत्रवासियों का कहना है कि नगर निगम के टोलफ्री नंबर व क्षेत्र के निगम पार्षद को भी कई बार शिकायत की जा चुकी है, लेकिन समस्या का समाधान होता दिखाई नहीं दे रहा है। क्षेत्रवासियों का यह भी कहना है कि धनवापुर रोड पर गहरे-गहरे गड्ढे बन गए हैं। सडक़ की यह दुर्दशा पिछले काफी माह से चली आ रही है। बारिश के दिनों में और हालात खराब हो जाते हैं। नगर निगम प्रशासन इन गड्ढों में मलबा भरने का असफल प्रयास करता है, जिससे और अधिक दुर्घटनाएं घटित होने का भय बना रहता है। क्षेत्रवासियों ने नगर निगम प्रशासन से आग्रह किया है कि बंद पड़ी स्ट्रीट लाईटें व सडक़ की हालत में सुधार किया जाए।