NewsUncategorizedअध्यात्मअर्थव्यवस्थादेशबिज़नेसराजनीतिराज्य

व्यक्ति को सही मार्ग पर ले जाती है सकारात्मक ऊर्जा : चिराग पासवान

गुरुग्राम।भगवान ने चिकित्सकों को विशेष शक्तियां दी हुई हैं, जिसके चलते उन्हें भगवान का रुप माना जाता है। चिकित्सकों पर लोग आँख बंद करके विश्वास करते हैं। कोविड जैसे संकटकाल में चिकित्सकों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने स्वयं का ध्यान न रखकर, दूसरों की सेवा में अपना सारा समय दिया। उक्त विचार केंद्रीय खाद्य प्रसंस्करण उद्योग मंत्री चिराग पासवान ने धार्मिक संस्था ब्रह्माकुमारीज़ द्वारा जिले के बिलासपुर क्षेत्र स्थित ओम शांति रिट्रीट सेंटर (ओआरसी) के दादी प्रकाशमणी सभागार में केयरिंग, कंपैशन एंड कम्युनिकेशन विषय पर आयोजित 52 वें राष्ट्रीय माइंड बॉडी मेडिसिन सम्मेलन में व्यक्त किए। उन्होंने कहा कि चिकित्सक जिस भावना के साथ कार्य करते हैं, यदि उसका कुछ प्रतिशत समाज में आ जाए तो जीवन सरल हो जाए। जीवन का लक्ष्य किसी पद पर पहुंचना नहीं अपितु जीवन का असली लक्ष्य दूसरों के जीवन में खुशियाँ और सकारात्मकता लाना होना चाहिए। उन्होंने कहा कि जब आत्मा का परमात्मा से संबंध स्थापित हो जाता है तो शब्दों का महत्व कम हो जाता है। परमात्मा एक ऐसा बिंदु है जिस तक पहुंचने का सभी प्रयास कर रहे हैं। समाज में महिलाओं का अहम योगदान है। नारी सृष्टि की जननी है। जीवन में बहुत से भटकाव आते हैं लेकिन सकारात्मक ऊर्जा व्यक्ति को सही मार्ग पर ले जाती है। ओआरसी की निदेशिका राजयोगिनी बीके आशा ने कहा कि सबसे पहले स्वयं की केयर जरूरी है। केयर सिर्फ शरीर की नहीं लेकिन सबसे जरूरी मन की है। मन को पॉजिटिव रखना ही मन की केयर है। जब हम स्वयं की केयर करेंगे तो हमारे आस पास के लोग भी स्वयं को सुरक्षित अनुभव करेंगे। पॉजिटिव और पॉवरफुल वातावरण से भी व्यक्ति ठीक हो जाता है। अतिरिक्त महासचिव राजयोगी डॉ. प्रताप मिड्ढा ने कहा कि संस्थान विश्व में एकमात्र ऐसा संस्थान है, जिसका संचालन महिलाएं करती हैं। वर्तमान समय की चुनौतियां जिस प्रकार का तनाव पैदा कर रहीं हैं, उससे डॉक्टर्स भी अछूते नहीं हैं। आयोजन को सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय की वरिष्ठ आर्थिक सलाहकार डॉ. योगिता स्वरूप, बीके डॉ. बनारसी, डा. मोहित गुप्ता, बीके लक्ष्मी, प्रो. डा. रीना तोमर आदि ने संबोधित किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में चिकितसक, शिक्षाविद शामिल हुए। आयोजन को सफल बनाने में संस्था के सदस्यों का योगदान रहा।