NCRUncategorizedअध्यात्मअर्थव्यवस्थादेशराजनीतिराज्यस्वास्थ्य

विकसित भारत के निर्माण में महिलाओं की है अहम भूमिका : रेखा शर्मा

गुरुग्राम। देश में नारी और प्रकृति को शक्ति एवं देवी देवताओं के रूप में पूजा जाता है। भारतीय संस्कृति में प्राचीन काल से ही नारी का स्थान सर्वोपरि रहा है। उक्त विचार धार्मिक संस्था ब्रह्माकुमारीज़ के जिले के बिलासपुर क्षेत्र स्थित ओम शांति रिट्रीट सेंटर में विकसित भारत के लिए महिला सशक्तिकरण एवं पर्यावरण विषय पर इंडियन योगिनी एसोसिएशन के सहयोग से आयोजित राष्ट्रीय संगोष्ठी के सत्र का उद्घाटन करते हुए राज्यसभा सांसद रेखा शर्मा ने व्यक्त किए। उन्होंने कहा कि महिला सशक्तिकरण का अर्थ केवल पैसा कमाना नहीं, अपितु अपने निर्णय स्वयं लेना है। महिलाएं प्रकृति का सृजन करती हैं। विकसित भारत के निर्माण में महिलाओं की अहम भूमिका हैं। देश को विकसित बनाने के लिए हमें सरकार का सहयोगी बनना है। अपने देश में बने हुए उत्पादों का अधिक से अधिक उपयोग करना है। केंद्र की निदेशिका राजयोगिनी बीके आशा ने कहा कि मातृशक्ति सदा ही त्याग की प्रतिमूर्ति रही है। नारी हमेशा से दाता के स्वरूप में रही है। राजयोग के माध्यम से आत्मा और प्रकृति के संतुलन को बेहतर बनाने का कार्य संस्था द्वारा किया जा रहा है। योग से हम केवल स्वयं ही सशक्त नहीं बनते बल्कि प्रकृति को भी बनाते हैं। महिलाओं की भूमिका एवं पर्यावरण संरक्षण पर भी चर्चा हुई। इंडियन योगिनी एसोसिएशन के द्वारा होमस्टे एवं हीलिंग विलेज के बारे में स्लाइड्स के द्वारा जानकारी दी गई। बाल कलाकारों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दी। आयोजन को सफल बनाने में डॉ. आरएच लता, डॉ. पूनम सिंह व संस्था की सदस्यों का सहयोग रहा।