गुरुग्राम।सामान की ढुलाई के कार्य में जुटे वाहन चालकों में सडक़ सुरक्षा और स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए मारुति सुज़ुकी इंडिया द्वारा जिले के मानेसर तथा गुजरात के हंसलपुर स्थित फैसिलिटी में 5 दिवसीय जागृति कार्यक्रम की शुरुआत की गई है, जिसके माध्यम से वाहन चालकों को जहां सडक़ सुरक्षा के प्रति जागरुक किया जा रहा है, वहीं स्वास्थ्य सें संबंधित समस्याओं का भी समाधान किया जा रहा है। इस अभियान में बड़ी संख्या में वाहन चालक शामिल हो रहे हैं। मारुति सुज़ुकी के सीईओ व प्रबंध निदेशक हिसाशी ताकेउचि का कहना है कि काम के अनुसार ट्रक और ट्रेलर ड्राइवर लंबे समय तक वाहन चलाते हैं और देशभर की यात्रा करते हैं। इसलिए उन्हें नियमित रूप से प्रशिक्षित करना और सुरक्षित ड्राइविंग के तरीकों का लगातार पालन करने के महत्व पर ज़ोर डालना आवश्यक है। उनका कहना है कि इस 5 दिवसीय कार्यक्रम के दौरान, सडक़ सुरक्षा के प्रमुख पहलुओं पर विशेष सत्र आयोजित किया जा रहा है। जिनमें रक्षात्मक ड्राइविंग, तेज़ गति से गाड़ी चलाने के खतरे, सडक़ पर सतर्कता बनाए रखने के लिए पर्याप्त नींद का महत्व, नशे में गाड़ी न चलाना, गंभीर चोटों से बचने में सीटबेल्ट के उपयोग की महत्वपूर्ण भूमिका, और गाड़ी खराब होने से बचने के लिए वाहनों का नियमित रखरखाव शामिल है। चालकों के शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य के लिए निवारक स्वास्थ्य जाँच और आँखों की जाँच की सुविधा भी दे रहे हैं।
वाहन चालकों के लिए 5 दिवसीय सडक़ सुरक्षा और स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम का हुआ आयोजन

