गुरुग्राम। ईरान व अमेरिका-इजरायल के मध्य चले आ रहे युद्ध का सीधा असर देश की जनता पर पड़ रहा है। दैनिक खाद्य सामग्री, गैस सहित पेट्रोल-डीजल की दरों में वृद्धि हो जाने से दिहाड़ी मजदूरों का जीवन भी प्रभावित हो रहा है। देश के झारखंड, बिहार, मध्यप्रदेश, बंगाल, उत्तरप्रदेश, असम, उड़ीसा सहित विभिन्न प्रदेशों से आकर गुरुग्राम में दिहाड़ी मजदूरी या अन्य कामकाज कर अपने परिवार का भरण-पोषण करने वाले लोगों के सामने परेशानी खड़ी हो गई है। रेलवे-स्टेशन मार्ग स्थित बाबा प्रकाशपुरी चौक के निकट धनवापुर मार्ग पर दिहाड़ी मजदूरों ने तथाकथित 350/400 रुपए प्रतिकिलो गैस खुदरा भाव मिलने पर नाराजगी व्यक्त की है। दिहाड़ी मजदूर सुमन, अमर, नरेश, छोटू मंडल, उमर, रमावती, राम सिंह, राजू राज, जय प्रकाश, धनंजय, छोटन, सुमन, नरेश आदि का कहना है कि पहले छोटे सिलेंडर में जब गैस भरवाते थे तो 150 रुपए प्रतिकिलो के हिसाब से गैस मिल जाती थी, लेकिन जब से यह युद्ध शुरु हुआ है, तब से गैस की दरों में वृद्धि देखने को मिल रही है। दिहाड़ी मजदूर रोजाना जितनी मजदूरी कमाता है, उतना तो केवल गैस भरवाने में ही चला जाता है। यदि ऐसा ही रहा तो कैसे वे अपने परिवार का भरण-पोषण करेंगे। उनका कहना है कि कुछ दिहाड़ी मजदूर को पहले ही पलायन कर चुके हैं और यदि ऐसा ही हाल रहा तो वे भी पलायन करने के लिए मजबूर हो जाएंगे।
रसोई गैस न मिलने से दिहाड़ी मजदूर हैं परेशान

