गुडगांव, : रक्तदान मानवता का सबसे बड़ा महान कार्य है। रक्तदान अभियान मानवता का बहुत बड़ा कार्य है। रक्त की कुछ बूंदें मरणासन्न व्यक्ति को जीवनदान दे सकती हैं। उक्त विचार मुख्य अतिथि केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने धार्मिक संस्था ब्रह्माकुमारीज़ के ओम शांति रिट्रीट सेंटर में विशाल राष्ट्रीय रक्तदान अभियान का शुभारम्भ करते हुए व्यक्त किए। उन्होंने संस्था के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि संस्था मूल्य परक शिक्षा पर विशेष जोर देती है। मूल्य आधारित शिक्षा ही मानव मन को सुख और शांति से भर सकती है। मन की शांति ही चित को शांत करती है। जिससे ही सामाजिक सामंजस्य पैदा होता है। संस्था की संयुक्त प्रशासिका राजयोगिनी संतोष ने कहा कि रक्तदान सबसे बड़ा जीवनदान है। बुझती ज्योति को प्रज्वलित करना ही परम पुण्य है। यह अभियान दादी प्रकाशमणी जी 18 वीं पुण्य स्मृति के अवसर पर हो रहा है। उन्होंने कहा कि दादी प्रकाशमणी के जीवन का प्रत्येक पल मानव सेवा में बीता। ओआरसी की निदेशिका राजयोगिनी बीके आशा ने कहा कि रक्तदान के लिए शुद्ध रक्त होना भी जरूरी है। जिसके लिए व्यसनों और बुराइयों से मुक्ति आवश्यक है। कार्यक्रम में डा. प्रताप सिंह मिड्ढा, बीके चांद, बीके गिरीश, बीके विरेंद्र आदि ने भी अपने विचार रखे।