गुरुग्राम। धार्मिक संस्था ब्रह्माकुमारीज़ पालम विहार द्वारा महिला सशक्तिकरण विषय पर एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें महिलाओं को आत्मविश्वास, मानसिक संतुलन और सकारात्मक सोच के माध्यम से सशक्त बनने के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम में दिल्ली से आईं ब्रह्माकुमारी मोनिका, जो अपनी संस्था इंटरएक्टिव बीस की निदेशक भी हैं, ने अपने जीवन के अनुभव साझा किए। उन्होंने बताया कि जीवन में आने वाली चुनौतियों के बावजूद किस प्रकार सकारात्मक दृष्टिकोण और आत्मचिंतन से आगे बढ़ा जा सकता है। साथ ही उन्होंने यह भी बताया कि आज के व्यस्त जीवन में स्वयं को परेशान होने से कैसे बचाया जा सकता है और मानसिक शांति बनाए रखने के लिए कौन-कौन से सरल उपाय अपनाए जा सकते हैं। इस अवसर पर ब्रह्माकुमारीज़ पालम विहार की निदेशक बीके सुदेश ने सभी उपस्थितों को राजयोग मेडिटेशन का अभ्यास करवाया। बीके संजय ने कहा कि नियमित ध्यान के माध्यम से मन को शांत और शक्तिशाली बनाया जा सकता है, जिससे जीवन में संतुलन और सकारात्मकता बनी रहती है। कार्यक्रम में उपस्थित महिलाओं ने इस सत्र को प्रेरणादायक और उपयोगी बताया तथा भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रमों के आयोजन की आवश्यकता पर बल दिया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में सदस्य शामिल रहे।
महिला सशक्तिकरण पर कार्यक्रम का हुआ आयोजन

