NCRNewsUncategorizedअध्यात्मअर्थव्यवस्थादेशराज्य

ब्रह्माकुमारीज के 3 दिवसीय स्व सशक्तिकरण कार्यक्रम का हुआ शुभारंभ

गुरुग्राम। धार्मिक संस्था ब्रह्माकुमारीज़ के बिलासपुर क्षेत्र स्थित ओम शांति रिट्रीट सेंटर परिसर में सुरक्षा बलों के अधिकारियों के लिए सेल्फ एम्पावरमेंट एण्ड मेंटल वेल बींग विषय पर 3 दिवसीय स्व सशक्तिकरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। आयोजन का उद्देश्य स्वास्थ्य के साथ-साथ सेवानिवृत अधिकारियों एवं सैनिकों में मनोबल को बढ़ाना है। कार्यक्रम के उद्घाटन सत्र में भारतीय नौसेना के पूर्व वाइस एडमिरल सतीश कुमार नामदेव घोरपड़े ने कहा कि राजयोग जीवन को सरल, सहज एवं सफल बनाने की विधि सिखाता है। ईसीएचएस का ब्रह्माकुमारीज़ के साथ जुडऩे का प्रमुख कारण स्व सशक्तिकरण करना है। उन्होंने कहा कि समस्याओं का हल बाहर नहीं बल्कि हमारे ही भीतर है। संस्था मानसिक स्वास्थ्य पर विशेष बल देती है। मन के विचारों का प्रभाव ही शरीर पर पड़ता है। ईसीएचएस के संयुक्त निदेशक कर्नल राजीव ने कहा कि संस्था़ के साथ उन्होंने एमओयू पर हस्ताक्षर किए हैं। संस्था द्वारा समय-समय पर सेना के अधिकारियों एवं सैनिकों के लिए कार्यक्रम आयोजित होते हैं, जिनके माध्यम से तनाव से मुक्त होने में मदद मिलती है। केंद्र की निदेशिका राजयोगिनी बीके आशा ने कहा कि राजयोग के माध्यम से ही मन शक्तिशाली बनता है। मन की शक्ति का प्रभाव तन पर पड़ता है। संकल्पों की क्वालिटी जितनी अच्छी होगी, उतना ही जीवन बाधाओं से मुक्त होगा। एक शक्तिशाली एवं एकाग्र मन ही सही निर्णय ले सकता है। उन्होंने कहा कि जीवन में दुआओं का सबसे बड़ा महत्व है। जहां दवा काम नहीं करती, वहां दुआ ही काम करती है। आयोजन को पूर्व सीजीडीए देविका रघुवंशी, बीके शुक्ला, कर्नल बीसी सती आदि ने संबोधित किया। आयोजन को सफल बनाने में संस्था के सदस्यों का बड़ा सहयोग रहा।